मुख्यमंत्री ने किसान रथों को हरी झंडी दिखाकर किया ग्राम सुराज अभियान का शुभारंभ
रायपुर, 19 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर एक दर्जन किसान रथों को रायपुर जिले के भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान का शुभारंभ किया। कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू और संचालक कृषि श्री प्रताप राव कृदत सहित विभाग के अन्य अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री इन किसान रथों को रवाना करने के तुरन्त बाद हेलीकॉप्टर द्वारा गांवों के आकस्मिक दौरे के लिए रवाना हो गए। कृषि विभाग द्वारा तैयार ये किसान रथ ग्राम सुराज अभियान के दौरान प्रथम चरण में आज 19 अप्रैल से आगामी 23 अप्रैल तक और द्वितीय चरण में 25 से 29 अप्रैल तक रायपुर जिले के सभी 15 विकासखंडों का भ्रमण करेंगे और 15 बड़े गांवों में आयोजित किसानों के विशाल सम्मेलनों में भी मौजूद रहेंगे। इन किसान रथों में किसानों को जहां खेती-किसानी से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, वहीं उन्हें शासकीय अनुदान योजनाओं के तहत विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरण, पौध संरक्षण औषधियों और अन्य जरूरी बस्तुओं का भी वितरण किया जाएगा। मिट्टी परीक्षण की व्यवस्था भी इनमें रहेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान राज्य के 18 में से 14 जिलों में आज से शुरू हो गया है। इन जिलों के 121 विकासखंडों के अन्तर्गत 17 हजार से अधिक गांवों में अधिकारियों और कर्मचारियों के सुराज दल पहुंचकर ग्रामीणों से मिलेंगे और उनके साथ बैठकर स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेंगे। सुराज दल ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए भी उन्हें प्रेरित करेंगे।

