मुख्यमंत्री अचानक पहुंचे घोघरा : पीपल के नीचे लगी चौपाल
घोघरा में अनेक विकास कार्यों को मिली मंजूरी
लगभग 24 लाख के नये कार्य भी मंजूर
पिथौरा में खुलेगा उप कोषालय
रायपुर 20 अप्रैल, 2011

प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह हेलीकॉप्टर से आज सवेरे अचानक महासमुंद जिले के ग्राम घोघरा (विकासखंड पिथौरा) पहुंचे। उन्होंने वहां पीपल पेड़ की छांव में बड़ी सादगी से ग्रामीणों की चौपाल लगायी। डॉ. सिंह ने घोघरा से रायपुर जिले के विकासखंड छुरा स्थित ग्राम कनेसर में भी बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक पहुंचकर वहां अपनी चौपाल लगायी। मुख्यमंत्री आज सवेरे राजधानी रायपुर से हेलीकाप्टर द्वारा प्रमुख सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार और सचिव श्री अमन कुमार सिंह को साथ लेकर ग्राम सुराज यात्रा पर रवाना हुए।
थोड़ी ही देर में वे घोघरा पहुंच गए, जहां लगभग एक हजार लोगों की उपस्थिति में आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने जहां ग्रामीणों को लगभग 24 लाख रूपए के नये विकास कार्यों की सौगात दी, वहीं उन्होंने स्थानीय जनता के आग्रह पर तहसील और विकासखंड मुख्यालय पिथौरा में उप कोषालय की मंजूरी देते हुए इसे जल्द शुरू करने का भी ऐलान किया। डॉ. रमन सिंह ने घोघरा वासियों के आग्रह पर गांव में पेयजल योजना के लिए पानी टंकी निर्माण की भी तुरन्त स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने घोघरा में नवीन ग्राम पंचायत भवन निर्माण, प्राथमिक शाला भवन निर्माण, जोबाखार नाले पर पुलिया निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण और सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण की भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने वहां तालाब गहरीकरण के भी कुछ कार्य मंजूर किए।
मुख्यमंत्री को चौपाल में कुछ ग्रामीणों से यह शिकायत मिली कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा और वृध्दावस्था पेंशन नियमित रूप से नहीं मिल रही है। कुछ पेंशन प्रकरणों की स्वीकृति की औपचारिकता भी अभी बाकी है। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को ऐसे पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए घोघरा में कल 21 अप्रैल को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

