गर्मियों में गायों की प्यास बुझाने की सार्थक पहल
रायपुर 30 मई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पर राजधानी रायपुर में घुमन्तू गायों और अन्य जीव-जन्तुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा मुहैया कराने के उददेश्य से 101 कोटना (पानी के लिए टंकी) वितरण का कार्य शुरू किया गया। गौवंश विकास प्रकोष्ठ की रायपुर जिला इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के सहयोग से ये कोटना शहर के सभी वार्डो में रखे जाएंगे। मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी श्रीमती वीणा सिंह ने इन कोटनाओं का लोकार्पण्ा किया। उन्होंने इसके वितरण के लिए वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। श्रीमती सिंह ने इसे एक अनुकरणीय और पुण्य का कार्य बताया। श्रीमती वीणा सिंह ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में गायों को माता के रूप में सम्मान दिया जाता है। राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंघानिया ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में वास्तव में गौ-भक्तों की सरकार है। उनके कुशल नेतृत्व में प्रदेश में गौ-सेवा को बढ़ावा मिल रहा है। इस अवसर पर डॉ. हरिभाई जोशी सहित सर्वश्री रामजी लाल अग्रवाल, रामावतार अग्रवाल, डेनियर कुमार साहू, विकास मिश्रा, अरविन्द देशपाण्डे, अशोक पाण्डे, सेनकुमार बोथरा, रश्मि शर्मा तथा अन्य अनेक नागरिक उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन श्री पंकज निर्मलकर ने किया।

