पशु चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने पशुधन विकास विभाग को मिले दस वाहन
कृषि मंत्री श्री साहू ने किया लोकार्पण
रायपुर, 29 मई 2010

छत्तीसगढ़ के दस जिलों में पशुओं के इलाज के लिए दवाईयां, टीके और अन्य संसाधन पहुंचाने के लिए राज्य शासन द्वारा पशुधन विकास विभाग को दस चार पहिया वाहन प्रदान किए गए हैं। कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने राजधानी रायपुर स्थित बीज एवं कृषि विकास निगम कार्यालय परिसर में इन चार पहिया वाहनों का लोकार्पण किया। इन वाहनों में से छह वाहन विभागीय मद से, दो वाहन बस्तर एवं दक्षिण क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा तथा दो वाहन सरगुजा एवं उत्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान किए गए हैं। श्री साहू ने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले पशु पालकों और पशुओं तक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने में काफी मदद मिलेगी। इनमें से एक-एक वाहन नारायणपुर, बीजापुर, कोरिया, सरगुजा, रायपुर, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा और जशपुर जिले को आबंटित कर दिए गए हैं। एक वाहन रायपुर स्थित संचालनालय में पशुधन विकास एवं पशु चिकित्सा सेवाएं को आबंटित किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य में पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित लगभग एक हजार 900 कृत्रिम गर्भाधान केन्द्रों तक उन्नत नस्ल के सांडों से एकत्रित किए गए वीर्य को संरक्षित रखने के लिए 20 से 30 लीटर द्रवित नाइट्रोजन पहुंचाने के लिए इन वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। इन वाहनों से पशु पालकों को वितरण करने के लिए चारा फसलों के बीज और मिनीकिटों का परिवहन भी किया जाएगा। श्री साहू ने बताया कि पशु धन विकास विभाग द्वारा प्रदेश में प्रति वर्ष औसतन 10 हजार नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से पशु चिकित्सा अधिकारी गांव-गांव जाकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीमार पशुओं का इलाज करते हैं। इन 10 नये चार पहिया वाहनाें से अब इन नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों तक दवाएं और चिकित्सा उपकरण भेजने में भी विभाग को सहूलियत होगी।

