गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने योजना बनाएं
सहकारिता सचिव ने ली अधिकारियों की बैठक
रायपुर, 08 जून 2011
प्रदेश के तीनों सहकारी शक्कर कारखानों में अधिक से अधिक शक्कर उत्पादन के लिए गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने के निर्देश सहकारिता सचिव श्री बी.एल.अग्रवाल ने दिए है। श्री अग्रवाल आज यहां मंत्रालय में आयोजित बैठक में आगामी पेराई सत्र 2011-12 की तैयारी की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने शक्कर कारखानों के प्रबंध संचालकों से कहा कि गन्ने का रकबा बढ़ाने जमीनी स्तर पर योजना बनाएं। मैदानी कर्मचारियों को गन्ने का रकबा बढ़ाने लक्ष्य दें। गन्ना लगाने के लिए क्षेत्र के किसानों को प्रोत्साहित करें और उनकी बिजली पानी की समस्याओं का निराकरण करें।
उन्होंने बताया कि सहकारिता के क्षेत्र में शासन द्वारा कबीरधाम (कवर्धा) जिले के ग्राम राम्हेपुर में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, दुर्ग जिले के बालोद तहसील के ग्राम करकाभाट में दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना और सरगुजा जिले के ग्राम केरता मे मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना की स्थापना की गयी है। उन्होंने प्रबंध संचालकों से कारखाने के कार्यक्षेत्र में उपलब्ध गन्ने का रकबा, संभावित गन्ना उत्पादन, पेराई हेतु कारखाने को प्राप्त होने वाले गन्ने की मात्रा और खरीदी की व्यवस्था तथा पेराई सत्र 2010-11 में की गयी गन्ना की खरीदी एवं किसानों को भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। श्री अग्रवाल ने गन्ना का रकबा बढ़ाने के लिए कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी समस्या से उन्हें अवगत कराएं। बैठक में पंजीयक राज्य सहकारी संस्थाएं श्री अमृत खलखो, संयुक्त सचिव श्री एच.एल.रात्रे, अपर पंजीयक श्री पी.आर.नाईक सहित सहकारी शक्कर कारखानों के प्रबंध संचालक सहित अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

