छत्तीसगढ़ में इस वर्ष तीन लाख किसानों को दिए जाएंगे क्रेडिट कार्ड
समितियों से मिलेगी अधिकतम पांच लाख रूपए की ऋण सुविधा
रायपुर 09 जून 2010
खेती के लिए ऋण सुविधा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में चालू वित्तीय वर्ष 2010-11 में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से तीन लाख किसानों को क्रेडिट कार्ड जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 44 हजार से अधिक क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इन्हें मिलाकर राज्य में सहकारिता के क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड धारक किसानों की संख्या ग्यारह लाख बारह हजार 223 तक पहुंच गयी है, जिन्हें मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप खेती से संबंधित कार्यों के लिए केवल तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर ऋण प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है। किसान यह ऋण 60 प्रतिशत नगद और 40 प्रतिशत वस्तु (खाद-बीज आदि) के रूप में प्राप्त कर सकते हैं। इन क्रेडिट कार्ड धारक किसानों के लिए समितियों से अधिकतम पांच लाख रूपए का ऋण उठाने की पात्रता भी तय की गयी है। आगामी खरीफ मौसम के लिए समितियों में किसानों को अब तक लगभग 250 करोड़ रूपए का ऋण वितरित किया जा चुका है।
राज्य में अब तक सबसे ज्यादा एक लाख 98 हजार 281 किसान क्रेडिट कार्ड रायपुर जिले में जारी किए गए हैं। दूसरे नम्बर पर दुर्ग जिला है, जहां अब तक एक लाख 96 हजार 747 क्रेडिट कार्ड किसानों को दिए जा चुके हैं। किसान क्रेडिट कार्ड धारकों की संख्या राजनांदगांव जिले में एक लाख 11 हजार 487, सरगुजा जिले में 94 हजार 600, महासमुंद जिले में 75 हजार 954, धमतरी जिले में 75 हजार 670, बस्तर (जगदलपुर) और नारायणपुर जिलों को मिलाकर 63 हजार 177, बिलासपुर जिले में 61 हजार 450, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में 57 हजार 316, जांजगीर-चाम्पा जिले में 50 हजार 229, कबीरधाम (कवर्धा) जिले में 45 हजार 892, रायगढ़ जिले में 36 हजार 128 और कोरिया जिले में 18 हजार 452 तक पहुंच गयी है। इसी कड़ी में अब तक कोरबा जिले में 15 हजार 091, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) और बीजापुर जिलों को मिलाकर सात हजार 844 और जशपुर जिले में तीन हजार 905 किसानों को क्रेडिट कार्ड दिए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में इस वर्ष तीन लाख नये किसान क्रेडिट कार्ड वितरण के जिलेवार निर्धारित लक्ष्य के अनुसार रायपुर जिले में 32 हजार, रायगढ़ जिले में 30 हजार, राजनांदगांव में 29 हजार, दुर्ग में 28 हजार, बिलासपुर जिले में 27 हजार, जांजगीर-चाम्पा जिले में 25 हजार, सरगुजा जिले में भी 25 हजार, बस्तर (जगदलपुर) और नारायणपुर जिलों को मिलाकर 22 हजार, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में 18 हजार, महासमुंद जिले में 14 हजार, धमतरी जिले में 12 हजार, कबीरधाम (कवर्धा) जिले में ग्यारह हजार, कोरबा जिले में आठ हजार, कोरिया जिले में सात हजार, जशपुर जिले में भी सात हजार और दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) और बीजापुर जिलों को मिलाकर पांच हजार किसानों को क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे।

