किसानों को निर्धारित अनुपात में खाद उपलब्ध कराएं : श्री मिश्रा
कृषि उत्पादन आयुक्त ने खाद-बीज के भण्डारण और वितरण की समीक्षा की
रायपुर 16 जून 2011
छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ ही खरीफ फसलों की तैयारियां भी तेजी से शुरू हो गयी है। राज्य शासन के प्रमुख सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त श्री डी. एस. मिश्रा ने प्रदेश के किसानों को निर्धारित अनुपात में उवर्रकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने किसानों को खाद, बीज, उन्नत कृषि उपकरण और कृषि ऋण की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित कराने को कहा है जिससे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन प्राप्त किया जा सके। कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मिश्रा कल बिलासपुर जिला मुख्यालय में बिलासपुर और सरगुजा संभाग में खरीफ फसलों के लिए की गयी तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर बिलासपुर संभाग के आयुक्त श्री आर. पी. जैन भी मौजूद थे।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मिश्रा प्रदेश के सरगुजा और बिलासपुर संभाग में खरीफ के लिए जिलेवार बनायी गई कार्ययोजना और अभी तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कृषि आदानों जैसे-खाद, बीज, उन्नत कृषि यंत्र और कृषि ऋण किसानों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को निर्धारित अनुपात में उर्वरक उपलब्ध कराने को कहा। श्री मिश्रा ने कहा कि जहां डी.ए.पी. खाद की कमी है वहां किसानों को इसके वैकल्पिक खाद की जानकारी और उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। खाद की कालाबाजारी ना हो, इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं और दुकानों पर निगरानी के लिए कर्मचारियों को तैनात किया जाए। श्री मिश्रा ने आगामी 20 जून तक सभी सहकारी समितियों और डबल लॉक केन्द्रों में मांग के अनुरूप खाद-बीजों की शतप्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। खाद-बीज के भण्डारण में जहां भवनों की दिक्क्त आ रही है वहां किराए से भवन लेकर इनका पर्याप्त भण्डारण सुनिश्चित करने को कहा। प्रदेश में 'आत्मा' योजना के तहत शुरू की गई मोबाईल एसएमएस सेवा में अधिक से अधिक किसानों के नम्बर शामिल करने को कहा ताकि उन्हें घर बैठे ही समय-समय पर खेती-किसानी संबंधी आवश्यक जानकारी मिल सके। बैठक में कृषि विभाग के संचालक श्री प्रताप राव कृदत्त ने बताया कि प्रदेश में किसानों को सही अनुपात और मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा एक साफ्टवेयर भी तैयार किया जा रहा है जो सभी सहकारी समितियों और डबल लॉक केन्द्रों के कम्प्यूटरों में होगा जिससे खाद वितरण की सतत निगरानी की जा सकेगी। बैठक में मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री अविनाश चम्पावत, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के संचालक श्री सी.एल. जैन सहित दोनों संभाग के जिलों के कलेक्टर सहित कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

