कृषि मंत्री श्री साहू से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के लिए नियुक्त सलाहकार ने सौजन्य भेंट की
रायपुर 08 जुलाई 2011

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू से आज यहां मंत्रालय में छत्तीसगढ़ में संचालित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के लिए भारत सरकार के कृषि मंत्रालय द्वारा नियुक्त सलाहकार श्री एन.सी. स्वांई ने सौजन्य मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में संचालित कृषि, पशुधन विकास, मछलीपालन एवं उद्यानिकी से संबंधित परियोजनाओं की मानिटरिंग तथा परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और मार्गदर्शन देने के लिये भारत सरकार द्वारा श्री स्वांई सलाहकार नियुक्त किया गया है।
कृषि मंत्री को श्री स्वांई ने मुलाकात के दौरान बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार वे प्रत्येक माह में कम से कम दस दिन छत्तीसगढ़ के कृषि प्रक्षेत्रों का भ्रमण करेंगे और कृषि से संबंधित योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन और उसे परिणाम मूलक बनाने के लिए किसानों से चर्चा करेगें। कृषि मंत्री श्री साहू ने श्री स्वांई के सलाहकार नियुक्त होने पर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी और कहा कि छत्तीसगढ़ में उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री स्वांई के अनुभवों का लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को मिलेगा।

