देवभोग क्षेत्र में नक्सली हमला : मृत वाहन चालक के परिवार को 35 हजार रूपए अनुग्रह राशि का भुगतान
रायपुर, 23 जुलाई 2011
कृषि विभाग के दिवंगत वाहन चालक श्री गुलाब चन्द सैलिक के परिवार को विभाग की ओर से 35 हजार रूपए की अनुग्रह राशि तात्कालिक आर्थिक सहायता के रूप में उपलब्ध करायी गयी है। ज्ञातव्य है कि श्री सैलिक रायपुर जिले के देवभोग क्षेत्र में उदन्ती के पास बुधवार 20 जुलाई को उनके विभागीय वाहन पर हुए नक्सली हमले में मारे गए थे। राज्य सरकार द्वारा स्वर्गीय श्री सैलिक के शेष स्वत्वों का जल्द से जल्द भुगतान करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कृषि विभाग के अन्तर्गत कृषि अभियांत्रिकी कार्यालय रायपुर का शासकीय वाहन क्रमांक सी.जी.-02 2423 देवभोग क्षेत्र में डाले गए कतार बोनी के प्रक्षेत्र प्रदर्शन के के लिए संचालित टे्रक्टरों को डीजल पहुंचाने देवभोग गया था। डीजल पहुंचाकर वापस लौटते समय यह वाहन मैनपुर विकासखण्ड में उदन्ती नाले के पास नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसमें चालक श्री गुलाब चन्द सैलिक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गयी थी।
कृषि अभियांत्रिकी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी अभनपुर विकासखण्ड स्थित श्री सैलिक के गृह ग्राम गिरहौला जाकर उनकी अंत्येष्टि में शामिल हुए और उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना प्रकट कर विभाग की ओर से अनुग्रह राशि उपलब्ध करायी। अधिकारियों ने बताया कि श्री सैलिक के शेष स्वत्वों के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। बहुत जल्द उनके परिवार को शेष स्वत्वों की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

