शाकम्भरी योजना : साढ़े दस हजार हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता का विस्तार
दस हजार 58 सिंचाई पंप स्थापित और 319 कुओं का निर्माण
रायपुर, 13 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के लघु सीमांत किसानों को विशेषकर सब्जी उत्पादक किसानों को अपने खेतों में स्वयं के सिंचाई साधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गयी शाकम्भरी योजना के तहत पिछले वित्तीय वर्ष 2010-11 में साढ़े दस हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इस योजना के तहत किसानों ने अपने खेतों में दस हजार 58 सिंचाई पंप स्थापित करने के साथ ही 319 नए कुएं बनवाएं है। राज्य शासन द्वारा इसके लिए किसानों को 14 करोड़ 66 लाख 20 हजार रूपए की सहायता अनुदान के रूप में दी गयी है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सभी वर्गो के लघु सीमांत किसानों को स्वयं के सिंचाई साधन विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा शाकम्भरी योजना के तहत लघु सीमांत किसानों को कुएं बनाने पर अधिकतम 22 हजार 500 रूपए और पांच हार्स पावर के विद्युत और डीजल पंप खरीदने के लिए अधिकतम 16 हजार 875 रूपए की सहायता अनुदान के रूप में दी जा रही है।

