किसानों को 4.85 लाख क्विंटल बीज वितरित
अरहर बीज 144 प्रतिशत और धान बीज 43 प्रतिशत ज्यादा बंटा
रायपुर, 03 सितंबर 2010
इस वर्ष खरीफ मौसम में छत्तीसगढ़ के किसानों को राज्य सरकार द्वारा खेती के लिए चार लाख 85 हजार क्विंटल से अधिक बीज उपलब्ध करा दिए गए है। इस वर्ष खरीफ मौसम के लिए चार लाख 33 हजार 768 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और अब तक चार लाख 91 हजार 389 क्विंटल बीज भंडारित कर किसानाें को वितरित किए जा रहे हैं। चालू खरीफ मौसम में अब तक वितरित बीज निर्धारित लक्ष्य से 51 हजार 508 क्विंटल ज्यादा है। उपलब्ध बीजों में से जिला स्तरीय डबललॉकों और ग्राम स्तरीय प्राथमिक सहकारी समितियों में अब तक भण्डारित बीजों में से किसानों ने बीज प्राप्त कर अपने खेतों में बोआई भी कर दी हैं। इस वर्ष खरीफ फसलों के लिए अब तक वितरित किया गया बीज पिछले वर्ष इसी समयावधि में वितरित किए गए बीज की तुलना में 36 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष इसी समयावधि में तीन लाख 57 हजार 243 क्ंविटल बीजों का वितरण किया गया था। प्रदेश सरकार द्वारा इसी समयावधि में गत वर्ष वितरित बीज की मात्रा की तुलना में चालू मानसून मौसम के दौरान धान बीज 43 प्रतिशत, मक्का बीज 13 प्रतिशत, अरहर बीज 144 प्रतिशत और सोयाबीन बीज पांच प्रतिशत अधिक वितरित किया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस वर्ष राज्य शासन द्वारा बीज वितरण के निर्धारित लक्ष्य के विरूध्द 113 प्रतिशत बीजों का भंडारण कर लिया है। चालू खरीफ मौसम में दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैें। राज्य सरकार ने खरीफ की मुख्य फसल धान के चार लाख 07 हजार 611 क्विंटल बीजों भण्डारण कर लिया है, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 116 प्रतिशत है। इसमें से चार लाख 02 हजार 925 क्ंविटल बीज का वितरण भी किसानों को कर दिया गया है। बीज निगम, कृषि विश्वविद्यालय और शासकीय कृषि प्रेक्षत्रों के अलावा निजी क्षेत्रों से भी किसानों को खरीफ फसलों के बीजों की आपूर्ति की जा रही है। राज्य सरकार ने अब तक लक्ष्य से 191 प्रतिशत पांच हजार 337 क्ंविटल मक्का बीज, लक्ष्य से 155 प्रतिशत पांच हजार 067 क्विंटल अरहर बीज, लक्ष्य से 99 प्रतिशत 69 हजार 724 क्विंटल सोयाबीन बीज सहित तीन हजार 653 क्ंविटल दूसरी खरीफ फसलों के बीज विभिन्न भण्डार गृहों में भण्डारित कर लिए हैं। इनमें से 68 हजार 933 क्विंटल सोयाबीन बीज, चार हजार 829 क्ंविटल मक्का बीज, चार हजार 822 क्विंटल अरहर बीज सहित तीन हजार 766 क्ंविटल अन्य बीजों का वितरण भी किसानों को कर दिया गया है।

