दो खाद विक्रेताओं के लायसेंस निरस्त
रायपुर 03 सितम्बर 2010
कृषि विभाग की टीम ने राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ में संचालित दो खाद विक्रेताओं के लाईसेंस को मुनाफाखोरी के मामले में निरस्त कर दिया है। कृषि अधिकारियों की टीम ने कल खैरागढ़ के अमलीपारा स्थित मेसर्स वर्मा कृषि केन्द्र और जनता कृषि केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इन दोनों दुकानों में शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक दर पर किसानों को खाद बेचने का मामला पकड़ में आने पर लायसेंस निरस्त कर खाद जप्त कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव जिले में कृषि अधिकारियों की तीन उड़नदस्ता दल गठित की गई है। उड़नदस्ते द्वारा लगातार जिले की सोसायटियों एवं निजी खाद विक्रेताओं के यहां जांच-पड़ताल की कार्रवाई की जा रही है । अब तक उड़नदस्ता टीम द्वारा 69 केन्द्रों की जांच-पड़ताल कर आठ दुकानों के विरुध्द खाद-बीज जब्ती कर उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराया गया है।

