खेती किसानी में आदर्श राज्य बने छत्तीसगढ़ : श्री साहू
किसान सम्मेलन में कृषि मंत्री ने किसानों से शासकीय योजनाओं का
ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की
लगभग पचास किसानों को ट्रेक्टर, रिपर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों का वितरण
रायपुर 16 सितम्बर 2010

कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने प्रदेश के किसानों से शासकीय योजनाओं पर अधिक से अधिक लाभ लेकर छत्तीसगढ़ को खेती किसानी के मामलें में देश का आदर्श और अग्रणी राज्य बनाने की अपील की है। कृषि मंत्री रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड के ग्राम धनेली में आयोजित दो दिवसीय वृहद किसान सम्मेलन में शामिल हुए। श्री साहू ने सम्मेलन में किसानों को शासकीय योजनाओं के तहत ट्रेक्टर, धान कटाई यंत्र रिपर, पॉवर टिलर सहित विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों का भी वितरण किया। सम्मेलन स्थल पर बनायी गयी अस्थायी मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला में मौके पर ही लगभग एक सौ किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण्ा भी किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक श्री नंदकुमार साहू सहित कृषि पशुपालन और मछलीपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री बंसतवीर उपाध्याय द्वारा निर्देशित दो लघु फिल्मों 'बूंद-बूंद के साथ' और 'जब पेड़ बोलते हैं' का प्रदर्शन भी जनजागरण के लिए किसानों के समक्ष किया गया। कृषि मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश देने वाली इन दोनों लघु फिल्मों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इनके निर्माण के लिए श्री उपाध्याय को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।

किसानों को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों का लक्ष्य मात्र खाने के लिए खेती करना नहीं, बल्कि व्यावसायिक रूप से लाभ कमाने के लिए खेती होना चाहिए। उन्होंने किसानों से खेती किसानी के लिए नई-नई और उन्नत तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने की अपील की। श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार कृषि उत्पादन बढ़ाने हरसंभव सहायता करने के लिए किसानों के साथ है। किसानो को राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। श्री साहू ने इस किसान मेले में दी गयी तकनीकी जानकारियों को भी किसानों के लिए लाभकारी बताया। कृषि मंत्री ने कृषि वैज्ञानिकों से भी फसलों की कम लागत में ज्यादा उत्पादन देने वाली, सूखारोधी और कीट-व्याधी प्रतिरोधक किस्मों को विकसित करने का आव्हान दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में खरीफ की मुख्य फसल धान की कम पानी में भी अधिक उत्पादन देने वाली किस्म विकसित करने की अपील कृषि वैज्ञानिकों से की।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री नंदकुमार साहू ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में किसानों, पशुपालकों सहित मजदूरों के लिए भी कई लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही है। हितग्राहियों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए। विधायक श्री साहू ने मेले में किसानों को कृषि यंत्र बांटने, मौके पर ही मिट्टी परीक्षण करने और शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए किसानों के प्रकरण तैयार करने के लिए विभागीय अधिकारी की भी प्रशंसा की। तकनीकी सत्रों के दौरान कृषि वैज्ञानिक प्रोफेसर मनहर आडिल सहित संयुक्त संचालक कृषि श्री एम.के.चन्द्राकर और कृषि अधिकारियों ने किसानों को खेती से संबंधित विभिन्न सम-सामयिक सलाह और तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया।

