बीज उत्पादन का रकबा साढ़े छब्बीस प्रतिशत बढ़ा
साढ़े पैंतीस हजार हेक्टेयर क्षेत्र में लगी खरीफ की फसलें
छत्तीसगढ़ में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के लिए बीज उत्पादन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत इस वर्ष पिछले खरीफ मौसम से साढ़े 26 प्रतिशत ज्यादा रकबे में फसलें लगायी गयी हैं। खरीफ की विभिन्न फसलों के बीजों के उत्पादन के लिए इस वर्ष अब तक 35 हजार 455 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी कर ली गई है। पिछले वर्ष खरीफ मौसम में 28 हजार 025 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन कार्यक्रम लिया गया था। किसानों को उन्नत किस्म के पूर्णत: शुध्द बीज उपलब्ध कराने के लिए चालू खरीफ मौसम में धान, अरहर, मक्का सहित तिल और सोयाबीन फसल का बीजोत्पादन किया जा रहा है। चालू खरीफ मौसम में आधार बीज से प्रमाणित बीज बनाने के लिए 34 हजार 310 हेक्टेयर में और प्रजनक बीज से आधार बीज के लिए एक हजार 145 हेक्टेयर रकबे में फसलें बोई जा चुकी हैं। बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत उन्नत किस्म के बीज प्राप्त करने के लिए 34 हजार 067 हेक्टेयर रकबे में सीधे किसानों के खेतों पर ही फसलें लगाई गई हैं। बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों, बीज विकास निगम के प्रक्षेत्रों और इंदिरागांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों के साथ-साथ निजी बीज उत्पादक समिति के माध्यम से भी एक हजार 388 हेक्टेयर रकबे में बोनी की जा चुकी है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि चालू खरीफ मौसम में प्रजनक बीज से आधार बीज बनाने एक हजार 721 हेक्टेयर क्षेत्र में तथा आधार बीज से प्रमाणित बीज उत्पादन के लिए 29 हजार 444 हेक्टेयर रकबे में विभिन्न फसलें बोने का लक्ष्य हैं। इसमें से बीज विकास निगम द्वारा लगभग 32 हजार 309 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन के लिए बोनी की गई हैं। कृषि विभाग द्वारा भी दो हजार 543 हेक्टेयर रकबे में खरीफ फसलों का बीजोत्पादन लिया जा रहा है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों में लगभग डेढ़ सौ हेक्टेयर और निजी संस्थाओं द्वारा साढ़े चार सौ हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ फसलों का बीज उत्पादन करने बोनी पूरी कर ली गई है। इस वर्ष बीज एवं कृषि विकास निगम के 18 प्रक्षेत्रों में अब तक 327 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन के लिए विभिन्न फसलें लगाई गई हैं। बीज निगम के अधिकारियों की देख-रेख में सीधे किसानों के खेतों पर 31 हजार 982 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन के लिए खरीफ की फसलें लगाई गई हैं। कृषि विभाग ने भी अपने अधिकारियों के मार्ग दर्शन में दो हजार 085 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन के लिए किसानों को तैयार कर फसलें लगवाई हैं। शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में 459 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज बनाने के लिए खरीफ की फसलें बोई गई हैं।

