ग्राम सुराज अभियान 2011 : किसानों की समृध्दि का रथ ऐसे ही चलता रहेगा : कृषि मंत्री श्री साहू
पांच सौ किसानों को 15 लाख रूपए धान बोनस के चेक वितरित
सौ से अधिक किसानों को उन्नत कृषि यंत्र, बीज और अनुदान राशि मिली
निमोरा, पांहदा, भुरका और भिलाई में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल हुए कृषि मंत्री
कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने कहा कि किसान खुशहाल होगा तभी राष्ट्र और समाज खुशहाल होगा। इसी मूलमंत्र को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा प्रदेश के किसानों की बेहतरी और उनकी समृध्दि के लिए अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम सुराज अभियान के दौरान आयोजित किसान मेले और किसान रथों के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी के लिए हर तरह की सुविधाएं और जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में किसानों की समृध्दि का यह रथ ऐसे ही चलता रहेगा। कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू आज प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के पहले दिन अभनपुर विकासखण्ड के निमोरा और भुरका ग्राम पंचायत तथा आरंग विकासखण्ड के पांहदा और भिलाई ग्राम पंचायत में आयोजित किसान मेले में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज भी उपस्थित थे। इस मौके पर पांच सौ किसानों को 15 लाख रूपए धान बोनस की राशि के चेक तथा सौ से अधिक किसानों को उन्नत कृषि यंत्र, बीज व अनुदान राशि का वितरण किया गया।
किसान सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री साहू ने कहा कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी मांगों तथा समस्याओं को जानने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा ग्राम सुराज अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सुराज दलों को प्राप्त होने वाली मांगों और समस्याओं के आधार पर ही राज्य सरकार द्वारा उस क्षेत्र के विकास के लिए आगामी कार्य योजना बनायी जाती है। श्री साहू ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान के दौरान आयोजित किसान सम्मेलनों व स्वास्थ्य शिविरों का अधिकाधिक लाभ ले साथ ही उनकी जो भी मांगे है उसे सुराज दल को अवश्य बताये। उन्होंने बताया कि सुराज दलों को प्राप्त होने वाले आवेदनों की समीक्षा मुख्यमंत्री स्वयं करते हैं। इसके अलावा आवेदक स्वयं नेट के माध्यम से अपने आवेदनों में विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकते है। श्री साहू ने कहा कि राज्य शासन द्वारा बहुत सी जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है परन्तु लोगों को इनकी जानकारी नहीं होने से वे इससे वंचित रहते है। इस अभियान का मूल उद्देश्य ही है कि जरूरतमंद लोगाें के पास शासन-प्रशासन स्वंय जाकर उन्हें इन योजनाओं से लाभन्वित करे।
छत्तीसगढ़ भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 50 हजार मीटरिक टन से अधिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर किसानों को 50 रूपए प्रति क्विंटल बोनस राशि प्रदान कर रही है। किसान सम्मेलनों और किसान रथ के माध्यम से प्रदेश में कृषि के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा रहा है जिससें मेहनतकश किसानों की आय और उत्पादकता में वृध्दि हो सके। श्री बजाज ने कहा कि किसानों की मेहनत से उत्पन्न अनाज के एक-एक दाने के समुचित रखरखाव के लिए निगम द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले एक साल के भीतर राज्य में अनाज की भण्डारण क्षमता पांच लाख मीटरिक टन से बढ़ाकर 14 लाख मीटरिक टन करने का कार्य तीव्र गति से जारी है। किसान सम्मेलनों में पचास किसानों को स्प्रेयर पंप, तीस किसानों को शाकम्भरी योजना के तहत डीजल पंप, 15 किसानों को उन्नत बीज तथा दस किसानों को पौध संरक्षण दवा अनुदान राशि के चेक कृषि मंत्री द्वारा वितरित किए गए। दो हितग्राहियों को नि:शक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 21-21 हजार रूपए के चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री साहू ने ग्राम भुरका में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए बनने वाले स्मारक का भूमि पूजन तथा ग्राम पांहदा में तीन लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

