बकरी पालन के लिए मिल सकती है 50 हजार रूपए तक सहायता
रायपुर, 23 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को खेती-किसानी के साथ-साथ पशुपालन, बकरीपालन जैसी व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सृदृढ़ किया जा रहा है। इसके लिए राज्य शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के सहयोग से चालू वित्तीय वर्ष 2011-12 में एक नई योजना बकरी विकास योजना की शुरूआत की गयी है। इस योजना के तहत किसानों को बकरी पालन के लिए लगभग 50 हजार रूपए तक की सहायता मिलेगी।
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि केवल जीविका के लिए बकरी पालन कर रहे किसानों और स्व सहायता समूहों को व्यापारिक स्तर पर बकरी पालन के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने चालू वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा बकरी विकास योजना प्रारंभ की गयी है। इस योजना के तहत बकरी पालन इकाई की स्थापना के लिए राज्य के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 48.3 प्रतिशत अनुदान सहायता का प्रावधान किया गया है। जबकि सामान्य हितग्राहियों को लागत का 40 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें 15 प्रतिशत अनुदान राज्य सरकार द्वारा तथा शेष राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक द्वारा प्रदान किया जाएगा। बकरी पालन इकाई की अधिकतम लागत एक लाख रूपए निर्धारित की गयी है। एक इकाई में चालीस बकरियां और दो बकरों के लिए यह सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।

