घरेलू बागवानी की आदर्श योजना : चार लाख से अधिक किसानों को मिला फायदा
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले किसानों को छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा दैनिक पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी आमदनी में वृध्दि के लिए बागवानी फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य शासन के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग द्वारा घरेलू बागवानी की आदर्श योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत किसानों को 25 रूपए लागत के पांच प्रकार की सब्जी बीज के मिनीकिट नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है।
उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने खेती के साथ-साथ बागवानी फसलों का भी उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले हितग्राहियों को 25 रूपए की कीमत के पांच प्रकार के सब्जी बीज नि:शुल्क प्रदान किए जा रहे है। इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2009-10 में एक लाख आठ हजार सात सौ किसानों को और वित्तीय वर्ष 2010-11 में तीन लाख 12 हजार हितग्राहियों को सब्जी बीज के नि:शुल्क मिनीकिट वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया है।

