छत्तीसगढ़ में जल्द खुलेंगे चार नए कृषि विज्ञान केन्द्र
रायपुर, 28 नवम्बर 2010
कृषि अनुसंधानों को बढ़ावा देने और खेती-किसानी के लिए नए आविष्कारों को प्रयोगशालाओं से खेतों तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ में चार नए कृषि विज्ञान केन्द्र जल्द शुरू किए जाएंगे। राज्य शासन के प्रस्ताव पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा इन केन्द्रों की स्थापना जिला मुख्यालय रायपुर और अम्बिकापुर सहित दो नवगठित जिलों के मुख्यालय नारायणपुर और बीजापुर में करने की योजना है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राज्य के किसानों को खेती के आधुनिक तौर तरीकों का लाभ पहुंचाने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्रों की स्थापना में विशेष दिलचस्पी ले रहे हैं। उनकी पहल पर राज्य में पिछले पांच वर्ष में सात जिलों में नए कृषि विज्ञान केन्द्रों की स्थापना हुई। इन्हें मिलाकर राज्य निर्माण विगत दस वर्ष में छत्तीसगढ़ में कृषि विज्ञान केन्द्रों की संख्या सोलह तक पहुंच गयी है। नए राज्य में कृषि विभाग द्वारा कृषक प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना की जा चुकी है, जहां एक वर्षीय डिप्लोमा के लिए पत्राचार पाठयक्रम भी शुरू किया गया है। इसके अलावा राज्य में 765 नए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की भर्ती और पद स्थापना भी की गयी है।

