रबी फसलों के लिए अब तक 24 करोड़ रूपए से ज्यादा ऋण वितरित
सिर्फ तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा
रायपुर 08 दिसम्बर 2011
चालू रबी मौसम में छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक रबी फसलों की खेती के लिए 24 करोड़ रूपए से ज्यादा ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्य सरकार की नीति के तहत किसानों को खरीफ फसलों की तरह रबी फसलों की खेती के लिए भी मात्र तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर अल्पकालीन ऋण दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की एक हजार 333 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसान सिर्फ तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर खेती के लिए खाद और बीज के साथ-साथ नगद राशि भी ऋण के रूप में प्राप्त कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रबी फसलों के लिए कृषि ऋणों का वितरण विगत एक अक्टूबर से शुरू हो चुका है और इस माह की सात तारीख तक किसानों को 24 करोड़ 11 लाख रूपए का ऋण दिया जा चुका है। यह ऋण साठ प्रतिशत नगद और चालीस प्रतिशत वस्तु (खाद-बीज) आदि के रूप में किसान क्रेडिट कार्डों पर दिया जा रहा है।

