मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों को दी तेरह सौ करोड़ रुपए की सौगात
विकास कार्यों और राजस्व वसूली के लिए सर्वश्रेष्ठ नगरीय निकायों का सम्मान
शहरों में भी विकास के लिए नहीं होगी पैसों की कमी : डॉ. रमन सिंह
रायपुर 09 दिसम्बर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम यहां आयोजित समारोह में प्रदेश के सभी एक सौ अड़सठ नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए लगभग तेरह सौ करोड़ रुपए की सौगात देते हुए यह उम्मीद जताई कि शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विकास में और भी ज्यादा तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश के शहरों में बिजली, पानी, सड़क और जनता की अन्य सभी बुनियादी जरूरतों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होगी।
डॉ. सिंह ने प्रदेश के सभी दस नगरपालिक निगमों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 930 करोड़ रुपए, बत्तीस नगरपालिका परिषदों को 125 करोड़ रुपए और 132 नगर पंचायतों को 235 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी दस नगरपालिक निगम के महापौरों को इस राशि स्वीकृति पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विकास कार्यों के सम्पादन और राजस्व वसूली के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले आठ नगरीय निकायों को सम्मानित भी किया। इन दोनों श्रेणियों में एक-एक नगर निगम, एक-एक नगर पालिका परिषद और दो-दो नगर पंचायतों जिनमें एक-एक नवगठित नगर पंचायतें शामिल हैं,को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका 'हमर शहर' का विमोचन भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री राजेश मूणत ने की।
मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राजस्व वसूली के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नगर निगम रायपुर, नगर पालिका तिल्दा नेवरा, नवगठित नगर पंचायत अर्जुन्दा और नगर पंचायत सरायपाली को पुरस्कृत किया। इसी प्रकार उन्होंने विकास कार्यों के सम्पादन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नगर निगम अम्बिकापुर, नगरपालिका खैरागढ़, नवगठित नगर पंचायत बीजापुर और नगर पंचायत दंतेवाड़ा को पुरस्कार प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि शहरों की बढ़ती आबादी से नगरीय क्षेत्रों में जनसंख्या का दबाव बढ़ता जा रहा है। नगरीय निकायों को शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अधिक ध्यान देना होगा। राज्य सरकार की ओर से नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए भरपूर राशि उपलब्ध कराई जा रही है। नगरीय निकायों को इस राशि का सदुपयोग करते हुए विकास कार्यों को ईमानदारी के साथ पूरा करना चाहिए। डॉ. सिह ने नगरीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों से कहा कि जनता ने आपको बहुत उम्मीदों के साथ चुना है, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना आपका दायित्व है। यदि आप जनता की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं, तो जनता आपकों दोबारा सेवा का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने प्रत्येक नगरीय निकाय में सड़क, नाली, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लिए भरपूर राशि की उपलब्धता हेतु सभी नगरीय निकायों से राजस्व वसूली में वृध्दि के साथ ही आय के नये स्रोत विकसित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम को 272 करोड़ रुपए, दुर्ग नगर निगम को 52 करोड़ रुपए, भिलाई नगर निगम को 133 करोड़ रुपए, राजनांदगांव नगर निगम को 81 करोड़ रुपए, जगदलपुर नगर निगम को 42 करोड़ रुपए, बिलासपुर नगर निगम को 103 करोड़ रुपए, कोरबा नगर निगम को 66 करोड़ रुपए, रायगढ़ नगर निगम को 78 करोड़ रुपए, अम्बिकापुर नगर निगम को 84 करोड़ रुपए और चिरमिरी नगर निगम को 13 करोड़ रुपए की स्वीकृति पत्र सौंपे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत ने कहा कि शहरों के विकास की योजनाओं का निर्माण और उनका समुचित क्रियान्वयन नगरीय निकायों का दायित्व है, और इन योजनाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना राज्य सरकार का। उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा अच्छा काम करने वाले निकायों को प्रोत्साहन देने के लिए यह पुरस्कार योजना शुरू की गई है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले नगरीय निकायों को बधाई और शुभकामनाएं दी । उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि जिन नगरीय निकायों को पुरस्कार प्राप्त नहीं हुआ है, वे और भी बेहतर कार्य करते हुए आगामी वर्षों में पुरस्कार के हकदार बनेंगे। श्री मूणत ने कहा कि राज्य सरकार की भागीरथी नल जल योजना के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले 92 हजार परिवारों के घरों में नल कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने का महती कार्य किया गया है, जिसके लिए प्रधानमंत्री के द्वारा आगामी तेरह तारीख को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौर, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष उपस्थित थे। इसके साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव श्री आर.पी.मण्डल और आयुक्त श्री संजय शुक्ला सहित सभी नगर निगम आयुक्त, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे।

