श्री नानाजी देशमुख के निधन पर कृषि मंत्री ने शोक व्यक्त किया
रायपुर 27 फरवरी 2010
छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने सुप्रसिध्द समाज सेवी श्री नानाजी देशमुख के आज हुए आकस्मिक निधन पर अपने शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय श्री देशमुख भारत में कृषि और ग्रामीण विकास की एक नई सोच और नई परिकल्पना के प्रणेता थे। उनके निधन से देश ने खेती-किसानी पर आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाले एक प्रखर विचारक को हमेशा के लिए खो दिया है। श्री साहू ने कहा कि स्वर्गीय श्री नानाजी देशमुख ने भारतीय संस्कृति पर आधारित शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए देश में सरस्वती शिशु मंदिरों की स्थापना में भी अहम भूमिका निभाई। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने स्वर्गीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिध्दांत को आगे बढ़ाते हुए समाज की सबसे अंतिम पंक्ति के लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया। श्री साहू ने उनके शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के ईश्वर से प्रार्थना की है।
क्रमांक/4197/नागेश

