सूक्ष्म सिंचाई योजना : ड्रिप-स्प्रिंकलर के लिए अब 90 प्रतिशत अनुदान
सात हजार हेक्टेयर में सिंचाई के लिए साढ़े पांच हजार किसानों को मिला फायदा
रायपुर, 27 अप्रैल 2011
किसानों को गिरते भू-जल स्तर और सिंचाई के लिए अधिक पानी की समस्या से ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई से काफी राहत मिल रही है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी का पूर्ण उपयोग करने और कम पानी में ज्यादा से ज्यादा सिंचाई सुनिश्चित करने सूक्ष्म सिंचाई योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2011-12 में प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर के लिए अब 90 प्रतिशत अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 
कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू ने आज यहां बताया कि प्रदेश के किसानों को अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने उन्हें उद्यानिकी और नकदी फसलों को लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को इन फसलों की कम पानी में अधिक से अधिक सिंचाई के लिए सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर के लिए 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पहले लघु और सीमांत किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान दिया जाता था जिसमें 50 प्रतिशत केन्द्र सरकार द्वारा और 30 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा दिया जा रहा था। जिसे चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान की सीमा को 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। अब लघु और सीमांत किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर के लिए 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। सामान्य किसानों को इस योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। श्री साहू ने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई योजना के विस्तार के लिए इस वर्ष के बजट में 22 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत गत वर्ष उद्यानिकी और प्रक्षेत्र वानिकी विभाग द्वारा छह हजार 312 हेक्टेयर में स्प्रिंकलर लगाकर चार हजार 575 किसानों को लाभान्वित किया गया है। इसी तरह 655 हेक्टेयर में ड्रिप पद्वति से सिंचाई के लिए 710 किसानों को अनुदान दिया गया है। श्री साहू ने बताया कि किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर के लिए अपने ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ उद्यान विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अपना प्रकरण बनवा सकते है।

