रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग पर आज से दो दिवसीय कार्यशाला
कृषि मंत्री श्री साहू शुभारंभ करेंगे
रायपुर, 22 दिसम्बर 2010
मिट्टी परीक्षण द्वारा रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कृषि महाविद्यालय रायपुर में किया जा रहा है। प्रदेश के कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू कल 23 तारीख को पूर्वान्ह 11 बजे कृषि महाविद्यालय के सभागार में कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में मिट्टी परीक्षण द्वारा संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर विशेषकर रासायनिक उर्वरकों के साथ अन्य कार्बनिक स्त्रोंतो के समन्वित प्रयोगों पर चर्चा की जाएगी। कार्यशाला में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं के सुदृढ़ीकरण, मानक परीक्षण विधियों द्वारा संतुलित उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखते हुए फसल उत्पादन में उत्तरोत्तर वृद्वि कैसे की जाए जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ सहित पश्चिम बंगाल, बिहार और उड़ीसा राज्य के कृषि विभाग के मृदा विश्लेषण अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
क्रमांक-5267/पवन

