समन्वित सब्जी विकास योजना : साग-सब्जियों के लिए उन्नत बीज और कीटनाशक दवाओं पर 50 प्रतिशत अनुदान
रायपुर, 03 मई 2011
छत्तीसगढ़ में साग-सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को सब्जी उत्पादन से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने उन्हें उन्नत बीज और कीटनाशक दवाएं अनुदान में प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग द्वारा इसके लिए समन्वित सब्जी विकास योजना का संचालन किया
जा रहा है। जिसके तहत किसानों को साग-सब्जियों के उत्पादन के लिए उन्नत बीज, उर्वरक और कीटनाशक दवाओं के लिए पचास प्रतिशत अनुदान सहायता दी जा रही है।
उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि साग-सब्जियों की दिनोदिन बढ़ती मांग और कीमतों को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग द्वारा सब्जी विकास योजना के तहत किसानों को संकर बीज, उर्वरक और कीटनाशक दवाओं पर पचास प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को प्रति हेक्टेयर तीन हजार रूपए लागत का पचास प्रतिशत एक हजार पांच सौ रूपए का अनुदान मिलता है। प्रति हेक्टेयर बीज के लिए एक हजार चार सौ रूपए और कीटनाशक दवाओं के लिए एक सौ रूपए का अनुदान दिया जाता है। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर के लिए यह सहायता मिलती है। अधिकारियों ने बताया कि सब्जी बीज की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाती है जबकि कीटनाशक और औषधियां विपणन संघ या प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि सब्जी विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2009-10 में दो हजार 600 हेक्टेयर के लिए तथा वित्तीय वर्ष 2010-11 में करीब पांच हजार हेक्टेयर में सब्जी उत्पादन के लिए किसानों को अनुदान देकर लाभान्वित किया गया है।

