महासमुंद में ग्राम सुराज अभियान के तहत बंटे 337 कृषि यंत्र
चालीस किसान क्लबों को बीस लाख रूपए के चेक वितरित
रायपुर, 30 अप्रैल 2010
प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कृषि विभाग द्वारा 61 चयनित हाट-बाजारों में किसान सम्मेलन आयोजित कर किसानों को कृषि उपयोगी जानकारी देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। ग्राम सुराज अभियान के दौरान आयोजित किसान सम्मेलनों में किसानों को 337 कृषि यंत्र बांटे गए हैं। इनमें 108 हैंड हो, 54 छिड़काव यंत्र, 46 पैर से चलने वाला छिड़काव यंत्र, 43 अंबिकापैडी वीडर, 39 मेज सेलर, 50 पावर टिलर, 12 बियासी हल, चार पम्प साइकिल व्हील हो और चार रोटावेटर यंत्र शामिल है। किसानों को प्रकाश प्रपंच, बीजोपचार यंत्र, विद्युत पम्प, तेंदुआ हल, स्ंप्रिकलर और शाकम्भरी पंप भी वितरित किए गए।
किसान सम्मेलन में चालीस किसान क्लबों को 50-50 हजार रूपए और नलकूप खनन के हितग्राहियों को धनादेश दिया गया। यहां 130 किसानों को क्रेडिट कार्ड भी प्रदान किया गया। इसके अलावा 921 किसानों को मृदा स्वास्थ्य परीक्षण कार्ड बांटे गए और एक हजार 434 किसानों के खेतों की मिट्टी का नमूना एकत्र कर रायपुर स्थित मृदा परीक्षण लैब और भोपाल स्थित नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड के लैब में परीक्षण के लिए भेजा गया है। इस दौरान किसानों को अक्ती बीज संवर्धन योजना के तहत अदला-बदली में 85.5 क्विंटल प्रमाणित बीज और 72 क्विंटल सामान्य बीज वितरित किए गए। बीज मिनीकीट वितरण योजना के तहत 565 किसानों का चयन किया गया है। उन्हें अरहर बीज मिनीकीट दिया जाएगा। प्रति मिनीकीट की मात्रा एक क्विंटल है। किसान सम्मेलन में नलकूप खनन के 22 और स्ंप्रिकलर के 66 प्रकरण भी तैयार किए गए। शाकम्भरी योजना के तहत कूप खनन के चार और पम्प के 81 प्रकरण भी तैयार किए गए।

