छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 20 कृषि यंत्र सेवा केन्द्र : किसानों को किराये पर उपलब्ध हो सकेंगे सभी प्रकार के कृषि यंत्र
सेवा केन्द्र खोलने हेतु इच्छुक व्यक्तियों, समूहों और संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित
रायपुर 20 जनवरी 2011
किसानों को कृषि कार्य के लिए किराये पर कृषि मशीन और यंत्र उपलब्ध कराने छत्तीसगढ़ में 20 कृषि यंत्र सेवा केन्द्र खुलेंगे। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों, स्व सहायता समूहों और अशासकीय संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए है। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 25 फरवरी 2011 है। कृषि यंत्र सेवा केन्द्रों के खुलने से किसानों को जमीन की तैयारी, बुआई, निंदाई, गुड़ाई, कटाई और सिंचाई आदि कार्य के लिए अलग-अलग कृषि मशीन और यंत्र किराये पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
गौरतलब है कि कृषि मशीनों और यंत्रों के उपयोग से किसान कम मेहनत और कम समय में अच्छी खेती कर सकते है वहीं अलग-अलग कृषि कार्यो के लिए किसानों द्वारा सभी प्रकार की मशीनों को खरीदना भी संभव नही हो पाता। जिसे देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किराये पर मशीनें उपलब्ध करायी जाती है परंतु मशीनों की सीमित संख्या होने के कारण अब इस क्षेत्र में निजी उद्यमियों को भी शामिल किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 20 कृषि यंत्र सेवा केन्द्र खोले जा रहे है। जिसके लिए इच्छुक व्यक्तियों, स्व सहायता समूहों और अशासकीय संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गये है। कृषि यंत्र सेवा केन्द्र की स्थापना हेतु कृषि मशीनों के क्रय के लिए कम से कम 25 लाख रूपए की परियोजना पर कृषि विभाग द्वारा दस लाख रूपए अनुदान क्रेडिट लिंक्ड बैंक इंडेड के रूप में दिया जाएगा। इस संबंध में कृषि विभाग की बेवसाईट एजीआरआईडीईपीटी डॉट सीजी डॉट जीओव्ही डॉट इन ( www.agridept.cg.gov.in ) से विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकता है अथवा कृषि संचालनालय रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2442031 पर संपर्क किया जा सकता है।

