खेती में उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने की जरुरत : श्री चंद्रशेखर साहू
कृषि मंत्री श्री साहू ने जिलेवार की योजनाओं की समीक्षा

कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू ने आज यहां कृषि संचालनालय में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। श्री साहू ने खेती-किसानी के कार्यों उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कृषि मंत्री श्री साहू ने चालू वित्तीय वर्ष 2010-11 में अब तक जिलेवार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए और तेज गति से कार्य करने की सख्त हिदायत दी। श्री साहू ने अधिकारियों को आगामी पन्द्रह फरवरी तक निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री ने बैठक में अनुपस्थित कोरिया जिले के उप संचालक कृषि को कारण्ा बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रमुख सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त श्री डी.एस.मिश्र, संचालक कृषि श्री प्रताप राव कृदत्त सहित जिलों से आए कृषि विभाग के संयुक्त संचालक और उप संचालक उपस्थित थे।
कृषि मंत्री ने आज लंबी बैठक लेकर कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जिलेवार गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के तहत उपलब्ध बजट आवंटन का पूरा उपयोग किसानों के हित में होना चाहिए। इन योजनाओं का लाभ लेकर किसानों के सामाजिक-आर्थिक जीवन स्तर में बदलाव परिलक्षित होना चाहिए। श्री साहू ने कृषि यंत्रीकरण योजना की धीमी प्रगति पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि खेती-किसानी के कार्यों में यंत्रों का उपयोग जरूरी हो गया है ताकि किसान सुविधाजनक तरीके से कृषि कार्य संपन्न कर सकें। राज्य सरकार द्वारा अपनी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेती-किसानी के कार्यों में यंत्रीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए किसानों को आकर्षक अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद प्रकरण नहीं बनने पर श्री साहू ने गहरी नाराजगी जाहिर की और हर हाल में पन्द्रह फरवरी तक कृषि यंत्रीकरण योजना के लक्ष्य पूर्ति करने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री श्री साहू ने अधिकारियों को किसानों के लिए चलायी जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गांवों और हाट-बाजारों में शिविर और किसान मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री साहू ने केन्द्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए धमतरी और नारायणपुर जिलों में कम प्रगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस भी जारी करने के निर्देश दिए।

