उद्यान विभाग के 261 दैनिक वेतन भोगी श्रमिक माली पद पर हुए नियमित
कृषि मंत्री श्री साहू ने प्रदान किए नियुक्ति पत्र
रायपुर, 04 अप्रैल 2011

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उद्यान विभाग में कार्यरत 261 दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों को हिन्दू नववर्ष चैत्र नवरात्र के मौके पर माली के पद पर नियमितीकरण का तौफा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विशेष पहल पर उद्यान विभाग में 31 दिसम्बर 1988 से पूर्व तथा 1 जनवरी 1989 में 31 दिसम्बर 1997 तक कार्यरत दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों को नियमित किया गया है। इसमें 58 महिलाएं भी शामिल है।
कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में नियमित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर विधायक बस्तर डॉ. सुभाऊ कश्यप व छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रेम सिंघानिया भी मौजूद थे। राज्य शासन के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय द्वारा आज यहां जारी आदेश में इन श्रमिकों को वेतनमान रूपए 4750-7440 तथा ग्रेड वेतन 1300 में माली के पद पर नियमित किया गया है। सभी कर्मचारियों से 30 दिवस के भीतर पदस्थापना स्थल पर कार्यग्रहण करने को कहा गया है। पदस्थापना सूची का अवलोकन कर्मचारी उप संचालक अथवा सहायक संचालक उद्यान कार्यालय में कर सकते है।

