राज्य स्तरीय किसान मेला और प्रदर्शनी 14-15 फरवरी को
नई खोज और अन्वेषण करने वाले किसानों को कृषि मंत्री करेंगे सम्मानित
छत्तीसगढ़ सरकार के कृषि विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा राज्य स्तरीय किसान मेला और प्रदर्शनी का आयोजन आगामी 14 व 15 फरवरी को यहॉ कृषि महाविद्यालय में किया जा रहा है। दो दिवसीय इस किसान मेले और प्रदर्शनी में किसानों को खेती-किसानी के क्षेत्र में किए जा रहे नए-नए अनुसंधानों और उन्नत कृषि प्रौद्योगिकी की जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी साथ ही किसान गोष्ठियों के माध्यम से किसानों की खेती से संबंधी शंकाओं और समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
किसान मेले में प्रदेश के सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों द्वारा विभिन्न स्टालों के माध्यम से किसानों को फसलों की विभिन्न किस्में, उत्पादन की तकनीके, कीट व्याधि नियंत्रण, जैव उर्वरक, उन्नत कृषि यंत्रों व बीज तथा कृषि आधारित उद्योगों के साथ ही पशुपालन और मछलीपालन की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर कृषि के क्षेत्र में नई खोज और नवीन तकनीक विकसित करने वाले किसानों को कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू नवोन्वेषी कृषक सम्मान से सम्मानित भी करेंगे। किसान मेला और प्रदर्शनी का शुभारंभ कार्यक्रम 14 फरवरी को दोपहर 12 बजे आयोजित होगा जिसमें लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति प्रो. एम. पी. पाण्डेय करेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विशाल चन्द्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। किसान मेला और प्रदर्शनी का समापन तथा नवोन्वेषी कृषक सम्मान समारोह 15 फरवरी को अपरान्ह 3 बजे आयोजित किया जाएगा जिसमें कृषि मंत्री श्री चंन्द्रशेखर साहू मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. एम.पी. पाण्डेय कुलपति इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री श्याम बैस और विधायक रायपुर ग्रामीण श्री नंद कुमार साहू उपस्थित रहेंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त एवं प्रमुख सचिव कृषि श्री डी. एस. मिश्र इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

