लघु सिंचाई योजना : सात हजार से अधिक नलकूपों का खनन
किसानों को सिंचाई के लिए निजी नलकूपों पर आकर्षक अनुदान
रायपुर, 11 फरवरी 2011
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों को खेती के लिए सिंचाई सुविधा मुहैया कराने लघु सिंचाई योजना के तहत निजी नलकूपों के खनन और पंप प्रतिस्थापन पर आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना के तहत प्रदेश में विगत दो वर्षो में सात हजार से अधिक नलकूपों का खनन किया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश में सिंचाई सुविधा को बढ़ाने के लिए लघु सिंचाई योजना के तहत किसानों को स्वयं के नलकूप खनन पर राज्य सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के तहत बस्तर और सरगुजा विकास प्राधिकरण क्षेत्र के अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के किसानों को नलकूप के खनन और पंप प्रतिस्थापन पर 43 हजार रूपए अनुदान दिया जा रहा है। वहीं इन क्षेत्रों के सामान्य वर्ग के किसानों को नलकूप खनन और पंप प्रतिस्थापन पर लागत का पचास प्रतिशत या अधिकतम 25 हजार रूपए अनुदान दिया जाता है। प्राधिकरण क्षेत्र के बाहर सभी वर्ग के किसानों को नलकूप खनन और पंप प्रतिस्थापन पर लागत का पचास प्रतिशत अथवा अधिकतम 25 हजार रूपए अनुदान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नलकूप खनन हेतु किसान अपने क्षेत्र के क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर अपना आवेदन ग्राम पंचायत की अनुशंसा सहित संबंधित जिले के उप संचालक कृषि कार्यालय में भेज सकते है।

