किसानों को 2.48 लाख मीटरिक टन रासायनिक खाद वितरित
रायपुर, 05 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ में किसानों को रबी फसलों के लिए अब तक दो लाख 48 हजार 428 मीटरिक टन रासायनिक खाद उपलब्ध कराया गया हैं। इसमें 75 हजार मीटरिक टन उर्वरक प्राथमिक सहकारी समितियों द्वारा और एक लाख 73 हजार 386 मीटरिक टन उर्वरक निजी क्षेत्रों से किसानों को उपलब्ध कराया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश में किसानों ने इस रबी मौसम में अभी तक 17 लाख 33 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में गेहूं, दलहन और तिलहन सहित अन्य रबी फसलों को लगाया है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों को फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए सहकारी समितियों और निजी क्षेत्रों के माध्यम से रासायनिक खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। इस रबी मौसम में किसानों को दो लाख 75 हजार मीटरिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के लक्ष्य के विरूद्व राज्य शासन द्वारा अब तक एक लाख एक हजार 550 मीटरिक टन यूरिया, 29 हजार 814 मीटरिक टन सुपरफास्फेट, 45 मीटरिक टन टी.एस.पी., 19 हजार 161 मीटरिक टन पोटाश, 54 हजार 812 मीटरिक टन डी.ए.पी. एवं म्यूरेट ऑफ पोटाश तथा 42 हजार 654 मीटरिक टन एन.पी.के. रासायनिक खाद किसानों को उपलब्ध कराया गया है।

