छत्तीसगढ़ की सहकारी समितियों में दस मई से कृषि साख पखवाड़ा
रायपुर, 05 मई 2010
छत्तीसगढ़ के किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने प्रदेश की प्राथमिक साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद-बीज और खेती के लिए ऋण दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की एक हजार 333 समितियों में इस माह के द्वितीय सप्ताह में कृषि साख पखवाड़ा मनाया जाएगा। यह पखवाड़ा दस मई से शुरू होकर 22 मई तक चलेगा। पखवाड़े के दौरान प्रत्येक समिति में शिविर आयोजित कर सहकारिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी किसानों को दी जाएगी। उन्हें सुगमतापूर्वक कृषि ऋण, खाद एवं किसान क्रेडिट कार्ड पर अन्य सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी। सहकारिता विभाग के पंजीयक ने प्रदेश के सभी जिलों के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और संयुक्त पंजीयक, उप पंजीयक व सहायक पंजीयकों को इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि शिविर के दौरान सभी सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किया जाए। अऋणी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड स्वीकृत कर जारी करें। नए सदस्य बनाकर किसान क्रेडिट कार्ड वितरण करें। रासायनिक खाद एवं बीज परमिट पर जारी किया जाए साथ ही भौतिक रूप से खाद बीज का उठाव किसानों को कराया जाए। पशु पालन, मछली पालन एवं उद्यानिकी के अन्तर्गत एक लाख रूपए तक तीन प्रतिशत ब्याज दर पर मध्यकालीन प्रकरण तैयार कर ऋण उपलब्ध कराएं। पूर्व गठित कृषक क्लब की बैठकें करें और नये कृषक क्लब का गठन करें। स्व-सहायता समूहों को बैंक से लिंकेज कर ऋण स्वीकृत करें, और कृषकों से उनकी आवश्यकता के अनुरूप मध्यकालीन या दीर्घकालीन कृषि ऋण के आवेदन प्राप्त करें। पंजीयक ने जिलों के विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समितिवार कार्यक्रम तैयार कर शिविर आयोजित करें और अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करें।

