सिंचाई सुविधा और भू-जल स्तर बढ़ाने अब तक 218 चैकडेमों का निर्माण
कृषि मंत्री ने कुम्हारी में किया नवनिर्मित चेकडेम का लोकार्पण
रायपुर, 18 मई 2011

छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और गिरते भू-जल स्तर को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा छोटे-छोटे नालों में कम लागत के चैकडेमों का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा संचालित हरित क्रांति विस्तार योजना के तहत पिछले एक साल में अब तक 218 चैकडेमों का निर्माण कराया गया है। जिससे किसानों को करीब दो हजार पांच सौ हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू कल यहां रायपुर जिले के विकासखण्ड आरंग स्थित गांव कुम्हारी में कृषि विभाग द्वारा आठ लाख रूपए की लागत से बनाए गए चेकडेम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के सचिव श्री पी. के. बसु और छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त श्री डी. एस. मिश्रा भी मौजूद थे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री साहू ने कहा कि राज्य शासन द्वारा बरसात के पानी को रोकने के लिए छोटे-छोटे नालों में कम लागत के चेकडेम बनाए जा रहे है। इससे किसानों को जहां सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है वहीं गिरते भू-जल स्तर को बढ़ाने में भी काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन चेकडेमों के निर्माण से नजदीक के गांववालों को सिंचाई के साथ ही निस्तारी और पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित हुयी है साथ ही नालों में बरसात के पानी के साथ उपजाऊ मिट्टी के बहाव को रोकने में भी मदद मिली है। कृषि मंत्री ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 48 चेकडेमों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए चार करोड़ 77 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है।

