थोक व्यापार परिसर में प्रथम चरण में 625 दुकानें बनेंगी
रायपुर 18 जून 2010
रायपुर और नया रायपुर के बीच में ग्राम डुमरतराई में थोक बाजारों के व्यवस्थापन की योजना प्रारंभ की गयी है। थोक व्यापार व्यवस्थापित करने की योजना के अंतर्गत रायपुर शहर के बाहर रायपुर-जगलदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 में ग्राम डुमरतराई में प्रथम चरण में दस थोक बाजारों को व्यवस्थापित करने का प्रस्ताव है।
शदाणी दरबार के समीप यहां छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा 36.60 एकड़ भूमि पर और नगर निगम रायपुर द्वारा 14.97 एकड़ भूमि पर परिसर बनाया जा रहा है। यहां तीन अलग-अलग साईजों के 625 दुकानों का निर्माण होगा। इसमें गृह निर्माण मंडल द्वारा 438 दुकानों का निर्माण तथा नगर निगम रायपुर द्वारा 178 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। कुल 625 दुकानें प्रस्तावित है। इस योजना के अंतर्गत कुल क्षेत्रफल केवल 35 प्रतिशत भाग में दुकानों का निर्माण किया जा रहा है तथा शेष 65 प्रतिशत भाग में खुला क्षेत्र है, सड़क, पार्किंग, सुलभ शौचालय, विद्युत सब स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाएं रहेंगी। परिसर के चारों ओर बाउंड्री रहेगी तथा दो प्रवेश द्वार सुरक्षा कक्ष सहित रहेंगे। रायपुर शहर के जिन मुख्य दस थोक व्यवसायिक संघों को इस योजना के लिए प्रस्तावित किया गया है उनके नाम है प्रमाणित थोक किराना व्यापारी संघ गुढ़ियारी, थोक अनाज संघ व्यापारी संघ रायपुर, बंजारी रोड व्यापारी संघ रायपुर, न्यू थोक बर्तन व्यापारी संघ रायपुर, नयापारा थोक व्यापारी संघ नयापारा, रायपुर के होलसेल फुटवेयर एसोसिएशन रायपुर, गोलबाजार व्यापारी संघ रायपुर, मर्चेंट एसोसिएशन, रायपुर और होम एप्लायंसेस वितरक संघ, रायपुर शामिल हैं।

