निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें : श्री बघेल
निर्माणाधीन उद्योग भवन, कामर्शियल काम्पलेक्स और मेटल पार्क का आकस्मिक निरीक्षण
उद्योग मंत्री ने अपने सामने सड़क खुदवाकर गुणवत्ता की जानकारी ली
रायपुर, एक अप्रैल 2011
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आज यहां सोनाखान भवन के सामने निर्माणाधीन उद्योग भवन, रायपुरा स्थित कामर्शियल काम्पलेक्स और रावांभाठा स्थित मेटल पार्क एवं भनपुरी स्थित निर्माणाधीन अपैरल पार्क का आकस्मिक निरीक्षण और अवलोकन किया। इस अवसर पर श्री बघेल ने मेटल पार्क परिसर स्थित निर्माणाधीन सड़क को अपने सामने खुदवाकर देखा और गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी निर्माण कार्यो को निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री बघेल ने कहा कि राज्य में लघु एवं मध्यम उद्योगों की असीम संभावनाएं हैं। यहां की जलवायु और भूमि उद्योग के लिए अनुकूल है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा नये औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के लिए विशेष पहल की जा रही है, ताकि अधिक संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इसी कड़ी में राज्य शासन द्वारा रायपुर के रायपुरा में पांच करोड़ 12 लाख रूपए की लागत से पांच मंजिला कामर्शिलय काम्पलेक्स रावांभाठा क्षेत्र में 58 करोड़ की लागत से 80 हेक्टेयर भूमि पर मेटल पार्क और चार हेक्टेयर भूमि पर अपैरल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा वहां सोनाखान भवन के सामने पांच करोड़ रूपए की लागत से दो मंजिला उद्योग भवन का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने इन निर्माणाधीन भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। तदुपरान्त श्री बघेल ने पंडरी स्थित उद्योग संचालनालय का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और उन्होंने संचालनालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यो के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव, अपर संचालक उद्योग श्री भटनागर भी उपस्थित थे।

