नया रायपुर में स्थापित होगा छत्तीसगढ़ व्यापार केन्द्र
रायपुर 06 जुलाई 2011
छत्तीसगढ़ में उद्योगों को व्यापार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला की तर्ज पर प्रदेश के नया रायपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ व्यापार केन्द्र की स्थापना की जाएगी। इसे व्यापार मेला प्रांगण के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने आज यहां बताया कि राज्य शासन द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ-साथ वाणिज्यिक विकास को भी प्राथमिकता दी गयी है। इसके लिए राज्य के सभी क्षेत्र के उद्यमियों को उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की तर्ज पर प्रदेश के नया रायपुर क्षेत्र में व्यापार केन्द्र की स्थापना की जाएगी।

