सरगुजा-राजनांदगांव जिलों में स्थापित होंगे लघु औद्योगिक केन्द्र : श्री बघेल
रायपुर, 02 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के सरगुजा और राजनांदगांव जिलों में तीन नए लघु औद्योगिक केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आज यहां बताया कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए सरगुजा जिले के गंगापुर खुर्द और राजनांदगांव जिले के ग्राम बिजेतला एवं पवनतरा में लघु औद्योगिक केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। इसके लिए गंगापुर खुर्द में 12 हेक्टेयर, बिजेतला में 77 हेक्टेयर और पवनतरा में 41 हेक्टेयर भूमि का चयन किया जा चुका है।
श्री बघेल ने बताया कि महासमुंद जिले के बिरकोनी में 96 हेक्टेयर, कबीरधाम जिले के हरिनछपरा में 21 हेक्टेयर और सरगुजा जिले के नयनपुर-गिरवरगंज में 51 हेक्टेयर भूमि में लघु औद्योगिक केन्द्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के तिफरा में 57 हेक्टेयर, जांजगीर-चाम्पा जिले के कापन में 73 हेक्टेयर और रायपुर जिले के तेन्दुआ में 21 हेक्टेयर भूमि में लघु औद्योगिक केन्द्रों की स्थापना का कार्य प्रारंभ किया गया है। श्री बघेल ने बताया कि लघु एवं सूक्ष्म औद्योगिक केन्द्रों की स्थापना भारत सरकार की एकीकृत अधोसंरचना विकास योजना के तहत की जाती है। इस योजना के अंतर्गत परियोजना लागत का 40 प्रतिशत अधिकतम दो करोड़ रुपए का अनुदान राशि भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। शेष राशि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक से ऋण के रूप में अथवा राज्य शासन द्वारा अंशदान के रूप में उपलब्ध कराय जाता है। राज्य में लघु औद्योगिक केन्द्रों की स्थापना के लिए छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सी.एस.आई.डी.सी.) नोडल एजेन्सी के रूप में कार्य करता है।

