बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचे उद्योग मंत्री श्री बघेल
रायपुर, 14 सितम्बर 2011
उद्योग और वाणिज्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आज जांजगीर-चांपा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जान माल की हानि नहीं हो, इस हेतु राजस्व विभाग के अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सतत् निरीक्षण करें। श्री बघेल ने बाढ़ राहत
शिविरों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा, दवाई, भोजन आदि सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जांजगीर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले भी श्री बघेल के साथ थीं।
श्री बघेल ने जांजगीर-चांपा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र विकासखण्ड नवागढ़ के महानदी के किनारे धार्मिक नगरी शिवरीनारायण सहित ग्राम केरा, कनस्दा आदि बाढ़ प्रभावित ग्रामों का सघन दौरा किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में अस्थायी रूप से बनाए गए बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। श्री बघेल ने इन क्षेत्रों के ग्रामों में बाढ़ क्षतिग्रस्त मकान एवं फसल का भी अवलोकन किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का आंकलन कर मरम्मत एवं सहायता आदि का कार्य योजना बनाकर उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-4 के तहत तत्कालिक सहायता प्रदान करने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।

