औद्योगिक विकास के लिए सभी जिलों में अधोसंरचना निगरानी समितियों का गठन
रायपुर, 30 मार्च 2011
औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय विकास की प्राथमिकता तय करने, विकास कार्यो की गुणवत्ता और इन क्षेत्रों का रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में अधोसंरचना निगरानी समितियों का गठन किया गया है। राज्य शासन के वाणिज्य और उद्योग विभाग ने यहां मंत्रालय से इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। ये समितियां राज्य सरकार की पंचवर्षीय औद्योगिक नीति 2009-2014 के तहत गठित की गयी है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिला स्तर पर संबंधित जिले के कलेक्टर इस समिति के अध्यक्ष होंगे। संबंधित औद्योगिक क्षेत्र के एसोसिएशन के अध्यक्ष और उनके द्वारा नामांकित दो प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सी.एस.आई.डी.सी.) के कार्यपालन यंत्री और मुख्य महाप्रबंधक/उद्योग विभाग से प्रतिनियुक्ति पर आए महाप्रबंधक या संलग्नीकरण में आए कम से कम उप संचालक स्तर के अधिकारी समिति में सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मुख्य महाप्रबंधक अथवा महाप्रबंधक इस समिति के सदस्य सचिव होंगे। वाणिज्य और उद्योग विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से 24 मार्च को जारी इस अधिसूचना के अनुसार समितियों की बैठक हर तीन महीने में एक बार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के कार्यालय अथवा औद्योगिक संघ के कार्यालय में होगी।

