उद्योग मंत्री से चीन के काउन्सलेट जनरल की सौजन्य मुलाकात
रायपुर 21 मई 2011
छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री दयालदास बघेल से आज यहां राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड कार्यालय में कोलकाता से आए चीन के काउन्सलेट जनरल श्री झांग ली झांग और काउन्सलर अटैची श्री यू. युआंग ने सौजन्य मुलाकात की । प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग के सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव श्री डी.डी. सिंह और छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री देवेन्द्र सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 
श्री बघेल से चर्चा के दौरान चीनी काउन्सलेट जनरल श्री झांग ने उन्हे छत्तीसगढ़ प्रवास के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उद्योग मंत्री के नेतृत्व में हो रहे औद्योगिक विकास की प्रशंसा की और कहा कि शीघ्र ही चीन का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल छत्तीसगढ़ में व्यापार और औद्योगिक संभावनाओं का अध्ययन करने छत्तीसगढ़ का भ्रमण करेगा। उद्योग मंत्री श्री बघेल ने काउन्सलेट जनरल को द्विपक्षीय उद्योग और व्यापार के लिए राज्य शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। श्री बघेल ने चीनी प्रतिनिधि मंडल से कहा कि छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लॉजिसिटक एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अधिकाधिक निवेश का स्वागत किया जाएगा। चीनी प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति, नया रायपुर और छत्तीसगढ़ में उद्योग एवं व्यापार की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई ।

