मुख्यमंत्री को चैत्रगढ़ महोत्सव का आमंत्रण
रायपुर, एक अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से कल रात यहां उनके निवास पर छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री देवलाल दुग्गा के नेतृत्व में उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड स्थित गढ़बांसला से आए ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि गढ़बासला में इस माह की 18 तारीख को चैत्रगढ़ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, इसके पहले 17 अप्रैल को वहां चैतरई जात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तत्कालीन कांकेर राज्य के 252 गांव के देवी-देवता बांसला मंदिर परिसर में लाये जाएंगे और भव्य जात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रतिनिधि मण्डल ने इस महोत्सव में मुख्यमंत्री से मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए प्रतिनिधि मण्डल को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधि मण्डल में बांसला के दंत्येश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री तिलक कुमार दर्रो, मांझी श्री लक्खू राम दर्रो, पुजारी श्री राम प्रसाद दर्रो, सचिव श्री झन्नूराम नाग, कोषाध्यक्ष श्री शालिकराम भूआर्य और पंच श्री बालसिंह देहारी सहित सर्वश्री धनीराम दर्रो और किशन तांडिया शामिल थे।

