प्रदेश-व्यापी ग्राम सुराज अभियान : वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री को कलेक्टरों ने दी तैयारियों की जानकारी
रायपुर जिले में 290 नयी राशन दुकानें : नया रायपुर में आम के बगीचे
राजनांदगांव जिले में सुराज अभियान में रोजगार मेले भी लगाए जाएंगे
रायपुर, 06 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में दो चरणों में आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रहे प्रदेश-व्यापी ग्राम सुराज अभियान को जहां खेती-किसानी और ग्रामीण जन जीवन से जुड़ी विभिन्न जरूरतों पर केन्द्रित किया गया है। मुख्यमंत्री को आज यहां मंत्रालय में आयोजित वीडियो कान्फ्रेंसिंग में 14 जिलों के कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले में इसके लिए चल रही तैयारियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से ग्राम सुराज के अलावा मनरेगा, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और 'स्वस्थ छत्तीसगढ़-समृध्द छत्तीसगढ़' अभियान में हाल ही में आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों की उपलब्धियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टरों से आगामी मानसून के दौरान वृक्षारोपण के लिए की जा रही तैयारियों का भी ब्यौरा लिया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मौजूद रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा के संभागीय कमिश्नरों से भी मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों के बारे में जानकारी लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डॉ. रमन सिंह ने कलेक्टरों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने के निर्देश दिए और कहा कि अधिक से अधिक संख्या में गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलना चाहिए। राजस्व मामलों के तहत अविवादित नामांतरण, बटवारा और सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण भी इस अभियान से पहले सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी उन्होंने विशेष रूप से बल दिया।
स्कूल छोड़ने से पहले बच्चों को दें जाति प्रमाण पत्र
डॉ. रमन सिंह ने कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अनुसूचित जातियों, जनजातियों और पिछड़े वर्गो के बच्चों को दसवीं और बारहवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी कर स्कूल छोड़ने के पहले जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएं। इसकी व्यवस्था स्कूलों में ही की जाए, ताकि बच्चों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आगे कोई दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से राज्य के विकासखण्ड मुख्यालयों में गृह निर्माण मण्डल द्वारा प्रस्तावित विकास नगर आवासीय कॉलोनियों के लिए भूमि चिन्हांकन आदि के संबंध में भी जानकारी ली।
सभी जिलों में विद्युत समस्या निवारण शिविर लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टरों से कहा कि मानसून के आने से पहले तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक रोजगारमूलक निर्माण कार्य मनरेगा के तहत अनिवार्य रूप से चलाएं। बिजली उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को विद्युत वितरण केन्द्रों के स्तर पर समस्या निवारण शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए भी कार्य योजना बनाकर शिविरों की तारीख तय करें और जनता के बीच उसका प्रचार-प्रसार भी कराया जाए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इन शिविरों में किसानों के सिंचाई पम्प कनेक्शनों से संबंधित आवेदनों का भी निपटारा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में नल-जल योजनाओं के बिजली के देयकों का भुगतान नहीं हुआ है, वहां भुगतान की कार्रवाई भी जल्द सुनिश्चित करें।
रायपुर जिले में राशन की 290 नयी दुकानें : नया रायपुर में बनेंगे आम के बगीचे
कलेक्टर रायपुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले की 290 ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की दुकाने नहीं थीं। राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर इन सभी ग्राम पंचायतों में दुकानें मंजूर कर दी गयी हैं। अब जिले की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में राशन की दुकानें उपलब्ध है। नवीन स्वीकृत 290 दुकानों में से 90 प्रतिशत दुकानों के संचालन की सहमति प्राथमिक सहकारी समितियों द्वारा दी गयी है। शेष दुकानों का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों और ग्राम पंचायतों द्वारा किया जाएगा। इन 290 नयी दुकानों में राशन सामग्री का भण्डारण 15 अप्रैल से प्रारंभ कर 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाएगा और ये दुकानें एक मई से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में लगभग एक हजार 200 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत दो हजार से अधिक गांवों में सुराज दलों का भ्रमण होगा। इन्हें 74 परिक्षेत्रों में बांटा गया है। जिले के 230 स्थानों पर किसान सम्मेलन होंगे। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आठ हजार 900 हैण्ड पम्प हैं, सभी चालू हालत में है। मनरेगा के तहत दो हजार 755 कार्य चल रहे हैं, और इनमें प्रतिदिनि एक लाख 33 हजार श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा है। पूरे जिले में भू-जल संरक्षण के लिए स्टाप डेम बनाने भौगोलिक सूचना प्रणाली के जरिए चार हजार स्थान चिन्हांकित किए गए हैं। पहले चरण में 650 स्थानों पर स्टाप डेम स्वीकृत किए गए हैं। बरसात में जिले में 193 किलोमीटर सड़कों के किनारे वृक्षारोपण किया जाएगा। नया रायपुर में करीब 25 और 30 एकड़ के रकबे में दो विशाल आम के बगीचे भी विकसित किए जाएंगे। वहां एक्सप्रेस-वे दोनों किनारों पर वृक्षारोपण के लिए फेंसिंग का काम चल रहा है।
राजनांदगांव : ग्राम सुराज में गांव स्तर पर लगेंगे रोजगार मेले
जांजगीर-चांपा : 180 हाट-बाजारों में होंगे किसान सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग की शुरूआत जांजगीर-चांपा जिले से की। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि उनके जिले में 180 हाट-बाजारों में किसान सम्मेलनों की तैयारी की जा रही है। पूरे जिले को 33 जोन में बांटकर सुराज अभियान का संचालन किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के 94 दल बनाए गए हैं। जिले में 194 नल-जल योजनाओं में से 153 कार्यरत हैं। इसी तरह 10 हजार से अधिक हैण्डपम्पों में से केवल 400 तकनीकी कारणों से या तो बंद हैं या उनमें जल स्तर नीचे चला गया है। इनमें राइजर पाईप बढ़ाया जा रहा है। मनरेगा के तहत भू-जल संरक्षण के लिए 850 से अधिक तालाब गहरीकरण और 21 नये तालाब निर्माण के कार्य लिए जाएंगे। उद्योगों, समाजसेवी संस्थाओं और सरकारी विभागों के सहयोग से जिले में 30 लाख से अधिक पौधे मानसून के दौरान लगाए जाएंगे।
महासमुन्द : आज 10.33 लाख लोगों के बीच कुष्ठ सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री कटघोरा में करेंगे 38 एकड़ के तालाब का लोकार्पण
सरगुजा में 103 और जशपुर में 80 किसान सम्मेलन होंगे
मुख्यमंत्री को सरगुजा कलेक्टर ने बताया कि उनके जिले की एक हजार 087 ग्राम पंचायतों में सुराज अभियान चलेगा। इसके अन्तर्गत 103 हाट-बाजारों में किसान सम्मेलन होंगे। मनरेगा के तहत जिले में 16 करोड़ 66 लाख रूपए के 676 नये तालाब बनवाए जा रहे हैं। कोरिया कलेक्टर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में बताया कि उनके जिले में ग्राम सुराज के दौरान 53 किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। जिले में अभियान की तैयारी तेजी से चल रही है। जशपुर कलेक्टर ने इस अवसर पर बताया कि जिले में अभियान के दौरान 80 स्थानों पर किसान सम्मेलन होंगे। मनरेगा के तहत पूरे जिले में पांच हजार तालाब बनवाए जाएंगे। कलेक्टर रायगढ़ ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम सुराज दल जिले एक हजार 410 गांवों में जाएंगे। पूरे जिले में 300 स्थानों पर किसान क्लब गठित किए जा रहे हैं। प्रत्येक किसान क्लब को नाबार्ड की योजना के तहत 40 हजार रूपए की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस वर्ष बिलासपुर को 'लाख जिला' बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री को कलेक्टर कबीरधाम ने बताया कि जिले के 953 गांवों में ग्राम सुराज अभियान चलेगा। इसके लिए 92 सुराज दल बनाए गए हैं और 143 नोडल अधिकारी नामांकित किए गए हैं। आगामी मानसून में वृक्षारोपण के लिए वन विभाग की नर्सरियों में 13 लाख 50 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। कलेक्टर कांकेर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री को बताया कि जिले के एक हजार 049 गांवों ग्राम सुराज अभियान के लिए सुराज दल गठित किए जा चुके हैं। अभियान के तहत 48 हाट-बाजारों में किसान सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर दुर्ग ने भी मुख्यमंत्री को अभियान की तैयारी के बारे में बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी कि दुर्ग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 15 हजार से अधिक परिवारों के लिए पांच करोड़ 26 लाख रूपए के दावों का निराकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को दुर्ग जिले में छोटी सिंचाई नहरों की लाईनिंग का कार्य का भी मनरेगा के तहत अधिक से अधिक संख्या में लेने के निर्देश दिए।
क्रमांक-106/स्वराज्य

