सही आकार की वजह से विकास की कसौटी पर खरा उतरा छत्तीसगढ़ : डॉ. रमन सिंह
रायपुर 04 जून 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ एक छोटा राज्य जरूर है, लेकिन वह अपने सही आकार की वजह से ही विकास की सभी कसौटियों पर खरा उतरा है। डॉ. सिंह ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने क्षेत्रीय असंतुलन से उपजे पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जनभावनाओं के अनुरूप देश में छत्तीसगढ़ सहित तीन नये राज्यों का गठन किया। डॉ. रमन सिंह ने आज लखनऊ में मासिक पत्रिका 'लोकायत' के अंग्रेजी संस्करण के विमोचन समारोह में 'छोटे राज्यों के
गठन की अहमियत' विषय पर प्रबुध्दजनों को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ वास्तव में विकास के हर मामले में छोटे राज्यों की सफलता का एक विलक्षण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मात्र एक दशक पहले अस्तित्व में आए छत्तीसगढ़ में जनता के सामाजिक-आर्थिक विकास को एक नयी गति मिली है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने विगत सात वर्ष में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केवल पांच वर्ष नहीं बल्कि अगले 15 से 20 वर्षो की चुनौतियों को ध्यान में रखकर अपनी नीतियां और कार्य योजना बनायी, जिन पर समयबध्द ढंग से अमल किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक नतीजे मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की जिस सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पूरे देश में चर्चा है, उसकी परिकल्पना हमने पिछले कार्यकाल में कर ली थी। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में लाखों गरीबों के लिए सस्ते अनाज और नि:शुल्क आयोडिन नमक के रूप में खाद्यान्न सुरक्षा की गारंटी का भी उल्लेख किया और कहा कि इसके जरिए गरीबों में कुपोषण रोकने में भी हमें काफी सफलता मिली है। राज्य सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य पर हर साल खरीद रही है। प्रदेश के किसानों को पांच हॉर्स पावर तक सिंचाई पम्पों के लिए सालाना छह हजार यूनिट बिजली नि:शुल्क दी जा रही है। कृषि विकास में राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर 4.92 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है, वहीं वर्ष 2009-10 में छत्तीसगढ़ ने सकल घरेलू उत्पाद में 11.49 प्रतिशत की वृध्दि दर हासिल कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के विस्तार के लिए निर्माणाधीन नया रायपुर विकास परियोजना सहित बिजली उत्पादन, सिंचाई, सड़क और अन्य तमाम अधोसंरचना विकास के कार्यो में राज्य को लगातार मिल रही सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर उत्ताराखण्ड के मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक', छत्तीसगढ़ (रायपुर) के लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस, लोकायत के प्रधान सम्पादक श्री मणिकिशोर तिवारी और सम्पादक श्री एन.के. सिंह भी उपस्थित थे।
क्रमांक-1086/स्वराज्य

