छत्तीसगढ़ उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना 2010 : मुख्यमंत्री ने निकाला ड्रा : तेलीबांधा की साधना को प्रथम पुरस्कार में मिली कार
रायपुर, 06 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम यहां छत्तीसगढ़ उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना 2010 के ड्रा समारोह में प्रथम पुरस्कार का ड्रा निकाला। स्थानीय तेलीबांधा निवासी श्रीमती साधना साहू के नाम पांच लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार निकला। मुख्यमंत्री ने स्वयं उन्हें मोबाईल फोन पर जब इसकी जानकारी दी, तो श्रीमती साहू का यह जवाब था कि उनको इस पर विश्वास नहीं हो रहा है कि प्रदेश के मुखिया ने स्वयं फोन पर उनसे संपर्क किया है और यह खुश खबरी दे रहे हैं। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें बधाई दी और कहा कि वे तुरंत समारोह स्थल पर आकर अपने इनाम के रुप में अपनी कार ले जाएं। बाद में समारोह में आने पर श्रीमती साधना साहू को वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने कार की चाबी सौंपी। योजना के तहत द्वितीय पुरस्कार के रूप में ढाई-ढाई लाख रूपए या समतुल्य के रत्न जड़ित स्वर्ण आभूषण तीन उपभोक्ताओं जूना बिलासपुर के श्री परमकुमार कुर्रे, टी.पी. नगर कोरबा की जिजीविसा समिति और करजी जिला सरगुजा के श्री कमलेश कुमार को प्राप्त हुए। तृतीय पुरस्कार के रूप में एक लाख रूपए नगद या समतुल्य के स्वर्ण आभूषण का इनाम पांच उपभोक्ताओं बिलासपुर के श्री रेशम पटेल, जोबाकला महासमुन्द के श्री कुलदीप कुमार दीवान, चांपा के श्री मनोज धमिया, अल्का कार्तिक और सक्ती के श्री पीयूष अग्रवाल को प्राप्त हुआ। इस ड्रा के अन्य विजेताओं की सूची वाणिज्यिक कर विभाग की वेबसाईट ूण्बहण्दपबण्पदध्बवउजंग पर दिनांक 07 अप्रैल से देखी जा सकती है। इस योजना के तहत पहली बार व्यापारियों के लिए भी इनामी ड्रा निकाला गया। वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष समारोह में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं इंडस्ट्रीज की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। चेम्बर ने श्री अमर अग्रवाल का भी अभिनंदन किया। प्रदेश भर से चेम्बर के प्रतिनिधि के रूप में लगभग एक हजार व्यापारी और उद्योगपति इस कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, ब्रेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजीभाई पटेल, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, राज्य अल्प संख्यक आयोग के सदस्य श्री दिलीप सिंह होरा, प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर श्री अजय सिंह, सचिव एवं आयुक्त वाणिज्यिक कर श्री गणेश शंकर मिश्रा, छत्तीसगढ़ चेम्बर के अध्यक्ष श्री श्रीचंद सुन्दरानी तथा अन्य अनेक पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

