मुख्यमंत्री के जनदर्शन में फिर उमड़ा जन सैलाब
शिशु गोद लेने निःसंतान प्रमिला की मदद करेगी सरकार
उत्तर प्रदेश में बंधक छत्तीसगढ़ के मजदूरों को भी छुड़ाया जाएगा
रायपुर, 07 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर 'जनदर्शन' कार्यक्रम में राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में आए आम नागरिकों, ग्रामीणों, किसानों और मजदूरों तथा विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात की। विधानसभा के विगत लगभग डेढ़ माह तक चले बजट सत्र में 17 फरवरी से 31 मार्च तक अत्यधिक व्यस्त रहने के बाद मुख्यमंत्री का आज यह पहला 'जनदर्शन था। इसमें एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलने जन सैलाब उमड़ पड़ा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को अभनपुर नगर पंचायत की एल्डरमेन श्रीमती प्रमिला सिन्हा ने लगभग पांच माह के एक नन्हें शिशु को गोद लेने का आवेदन दिया। श्रीमती सिन्हा का कहना था कि उन्हें यह शिशु 14 नवम्बर 2010 को अभनपुर के एक मेडिकल स्टोर के सामने लावारिस हालत में मिला था। उन्होंने पुलिस को सूचित कर उसे वहां के अस्पताल में भर्ती कराया था और बाद में स्वयं उसकी देखभाल करने लगी, लेकिन अस्पताल वालों ने इस शिशु को राजधानी रायपुर की एक समाज सेवी संस्था को सौंप दिया। संस्था के लोग उन्हें यह बच्चा गोद में देने से इंकार कर रहे है। श्रीमती सिन्हा नि:संतान हैं। उल्लेखनीय है कि श्रीमती प्रमिला सिन्हा वर्ष 2004 में अभनपुर नगर पंचायत की करीब डेढ़ वर्ष तक निर्वाचित अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने श्रीमती प्रमिला सिन्हा के आवेदन पर कलेक्टर रायपुर को इस मामले में उनकी मदद करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में बिलासपुर जिले के मस्तुरी तहसील क्षेत्र के ग्राम बिनैका निवासी कुछ ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद जिले के फतेहपुर के ईट भट्ठे में लगभग 45 मजदूरों के बंधक होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें ग्राम बिनैका के 25 और ग्राम परसीवा (थाना पथरिया) के 20-22 मजदूर शामिल हैं। मुख्यमंत्री की ओर से इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। ग्रामीणों को विश्वास दिलाया गया कि अगर मजदूर बंधक हैं, तो उन्हें छुड़ाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश धोबी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने श्री सूरज निर्मलकर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर डॉ. सिंह को धोबी समाज के सामुदायिक भवन परिसर ग्राम बोरियाखुर्द में शौचालय निर्माण के लिए सहायता दिलाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री से बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सा सहायता आदि की भी मांग की। डॉ. सिंह ने सभी आवेदकों को उनके प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण कराने का भरोसा दिलाया। संसदीय सचिव द्वय श्री कोमल जंघेल और डॉ. सियाराम साहू तथा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से अनेक आवेदकों की सुनवाई की।

