मुख्यमंत्री ने की नक्सल हमले की तीव्र निंदा
रायपुर, 09 जून 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के नारायणपुर जिले में आज सवेरे झाराघाटी के नजदीक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों पर नक्सलियों द्वारा किए गए हमले की तीव्र निंदा की है। मुख्यमंत्री ने इस हमले में राज्य पुलिस के पांच जवानों की शहादत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है और उनके शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि हमारे इन बहादुर जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। इस कायरतापूर्ण वारदात से एक बार फिर यह साबित हो गया है कि शांति, अहिंसा और लोकतंत्र पर नक्सलियों की कोई आस्था नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वारदात के बावजूद सुरक्षा बलों के हमारे जवानों का मनोबल बहुत ऊंचा है और वे बस्तर अंचल की जनता को भय और आतंक से मुक्त करने तथा उस अंचल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते रहेंगे।
क्रमांक-1144/स्वराज्य

