मुख्यमंत्री के जनदर्शन में जन-सैलाब
बी.पी.एल. राशन कार्ड में अनियमितता की शिकायत
डॉ. रमन सिंह ने दिए जांच के निर्देश
रायपुर, 09 जून 2011

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर राजधानी रायपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए प्रतिनिधि मंडलों, किसानों, मजदूरों, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनी। डॉ. सिंह ने जनता से मुलाकात के अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘जनदर्शन’ में उमड़ते जन-सैलाब के बीच लोगों की अनेक सार्वजनिक और व्यक्तिगत समस्याओं का निराकरण
किया।इस मौके पर जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कटघरी (थाना क्षेत्र अकलतरा) से आए ग्रामीणों ने उन्हेंसामूहिक हस्ताक्षर से ज्ञापन सौंप कर बताया कि ग्राम पंचायत कटघरी के एक पूर्व सरपंच ने गरीबी रेखा श्रेणी के परिवारों को राशन कार्ड जारी करने में गंभीर अनियमितता बरती है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और कलेक्टर जांजगीर-चांपा को इस मामले की जांच के निर्देश जारी किए। ग्रामीणो का कहना था कि कुछ फर्जी व्यक्तियों और यहां तक कि नौ मृतकों के नाम से भी बी.पी.एल. कार्ड संबंधित पूर्व सरपंच द्वारा जारी किए गए हैं। ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में ज्ञापन के साथ दस्तावेज सौंपकर यह भी बताया कि राज्य शासन द्वारा त्रुटिपूर्ण राशन कार्डों को निरस्त करने के लिए भौतिक सत्यापन कराया गया था, जिसमें इस ग्राम पंचायत के 550 बी.पी.एल. कार्ड धारकों की सूची में से नौ कार्ड धारक अपात्र निकले, जिन्हें निरस्त किया गया है, जबकि 49 कार्ड धारक मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इनमें से 33 फर्जी निकले। इसी तरह पांच लोगों के नाम से दो-दो राशन कार्ड पाए गए। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें विश्वास दिलाया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी और किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री के आज के ‘जनदर्शन’ में महासमुंद जिले के ग्राम पलसाभाड़ी (विकासखंड सरायपाली) से आए ग्रामीणों ने बताया कि वहां कराए जा रहे तालाब गहरीकरण के कार्य के दौरान पथरीली जमीन निकलने के कारण परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर महासमुंद को वहां आवश्यक मशीन तत्काल भिजवाने के निर्देश दिए। इसी तरह अनेक व्यक्तियों को आज के जनदर्शन में चिकित्सा सहायता भी मंजूर की गयी।
क्रमांक-1145/स्वराज्य

