उचित मूल्य दुकानों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने का सुझाव
मुख्यमंत्री ने दिया विचार करने का आश्वासन
रायपुर, 07 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री शशिकांत द्विवेदी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में और भी ज्यादा कसावट और पारदर्शिता लाने के लिए उचित मूल्य दुकानों और सहकारी समितियों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने का सुझाव दिया है। डॉ. रमन सिंह ने उनके सुझाव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री से यहां उनके निवास पर हुई मुलाकात में श्री द्विवेदी ने ज्ञापन सौंपकर उन्हें यह सुझाव दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि बैंक संचालक मंडल ने राजनांदगांव जिले की दो और कबीरधाम जिले की दो सहकारी समितियों को चिन्हांकित कर उनमें प्रयोग के तौर पर बायोमेट्रिक मशीन लगाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इन मशीनों में अंगूठे के निशान के आधार पर हितग्राही अपने राशन कार्ड में निर्धारित मात्रा का राशन संबंधित दुकान से प्राप्त कर सकेगा। इससे केवल वास्तविक राशन कार्ड धारक ही अपने राशन का उठाव कर सकेंगे। श्री द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव की ओर से दिए गए एक अन्य ज्ञापन में किसानों को राहत पहुंचाने के लिए ट्रेक्टर और हार्वेस्टर जैसे स्वचलित कृषि उपकरणों के लिए छह प्रतिशत के रियायती वार्षिक ब्याज पर ऋण सुविधा दिलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इन कृषि उपकरणों की खरीदी में ऋणों पर वर्तमान ब्याज दर काफी अधिक है। इससे किसानों को दिक्कत हो रही है। मुख्यमंत्री ने उनके इस सुझाव पर भी सहानुभूतिपूवर्क विचार करने का भरोसा दिलाया है।

