छत्तीसगढ़ के विकास में माहेश्वरी समाज की भी महत्वपूर्ण भागीदारी : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी भवन का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विकास में अन्य समाजों के साथ-साथ माहेश्वरी समाज की भी महत्वपूर्ण भागीदारी है। उन्होंने कहा कि यह समाज भले ही छोटा है, लेकिन सामाजिक कामों के मामले में यह काफी गतिशील समाज है। इस समाज के लोग सभी वर्गों के साथ समरसता के साथ काम करते हुए छत्तीसगढ़ की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आज यहां छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी भवन के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री रामपाल सोनी ने की। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय विकास मंत्री श्री राजेश मूणत और छत्तीसगढ़ ब्रेवरेजेस कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल विशेष अतिथि के रुप में समारोह में उपस्थित थे। समारोह में बताया गया कि छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी भवन लगभग साढ़े तीन एकड़ के रकबे में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से दो वर्षों में निर्मित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी सभा ने अपने अच्छे कामों से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनायी है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि समाज द्वारा बनवाया जा रहा यह सर्व-सुविधायुक्त भवन राजधानी के रुप में तेजी से बढ़ते रायपुर शहर की जरुरतों के अनुरुप होगा और सभी समाजों के काम आयेगा। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री रामपाल सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश में पहला राज्य है, जहां समाज द्वारा अपने प्रादेशिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में छत्तीसगढ़ माहेश्वरी सभा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह भवन माहेश्वरी समाज के साथ-साथ सभी समाजों के लिए उपलब्ध रहेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह भवन छत्तीसगढ़ के अच्छे भवनों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक रुप से सक्षम समाज की यह जिम्मेदारी है कि वह समाज के कमजोर तबके के लोगों का ध्यान रखे। स्वागत भाषण छत्तीसगढ़ माहेश्वरी सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री श्याम सोमानी ने दिया। उन्होंने बताया कि इस भवन के लिए साढ़े तीन एकड़ भूमि उद्योगपति श्री कमल सारडा द्वारा उपलब्ध करायी गयी है। इस भवन में लोगों के रुकने की व्यवस्था के साथ शैक्षणिक, स्वास्थ्य गतिविधियों और मांगलिक कार्यों के लिए भी इसका उपयोग किया जाएगा। इस अवसर पर श्री मोहन राठी ने भी अपने विचार प्रकट किए। आभार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ माहेश्वरी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री जगदीश झंवर ने किया। समारोह में माहेश्वरी समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।

