गरीबी के कारण किसी भी बेटी की शादी नहीं रूकेगी : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में सुनी आम-जनता की समस्याएं
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने विवाह योग्य बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए गरीब पालकों को समझाइश दी है कि वे इसके लिए अपने जिले के कलेक्टर अथवा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी से सम्पर्क करें। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत गरीबों की विवाह योग्य बेटियों की शादी उनके सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सामुहिक विवाह समारोह में करवाई जाएगी। डॉ. सिंह आज सवेरे यहां अपने निवास पर आम जनता से मुलाकात के साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' में विवाह के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों से चर्चा करते हुए यह सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के वर्तमान दौर में सामुहिक विवाह समारोह खर्चीली शादियों का बेहतर विकल्प बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबी के कारण किसी भी बेटी की शादी नहीं रूकेगी, गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की शादी के लिए चिन्तित होने की जरूरत नहीं है प्रदेश सरकार उनके साथ है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की शुरूआत की गयी है।
जनदर्शन में उपस्थित डॉक्टरों की टीम ने 48 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जहां उनका स्थानीय डॉ. अम्बेडकर अस्पताल में नि:शुल्क इलाज किया जावेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीमारियों के इलाज के सहायता मांगने आए लोगों को आवश्यक धन राशि भी मंजूर की। रायपुर की समाजसेवी संस्था छत्तीसगढ़ डायबिटिक रिसर्च सोसायटी द्वारा लगभग 450 लोगों का रक्त परीक्षण कर मधुमेह की जांच की गयी। जनदर्शन में मुस्लिम समाज के श्री शेख शकील, रसीदखान एवं इकरामुद्दीन कुरैशी ने एक ज्ञापन सौंपकर राजधानी रायपुर में हज हाउस निर्माण का अनुरोध किया। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिले के हज यात्री रायपुर आकर नागपुर जाते हैं। हज यात्रियों के ठहरने के लिए कोई व्यवस्था रायपुर में नहीं है जिससे उनको परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने इस सम्बंध में कलेक्टर रायपुर से चर्चा करने के निर्देश जारी किए हैं। जनदर्शन में अनेक प्रतिनिधि मण्डलों ने पंचायत प्रतिनिधियों ने सौजन्य भेंट कर अपनी विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत बलौदी (जनपद पंचायत दुर्ग) की सरपंच श्रीमती जावंतिन देशमुख ने गांव के पुराने निस्तारी तालाब में घाट एवं पचरी निर्माण का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनके आवेदन पर इसके लिए तत्काल सैध्दांतिक मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनका आवेदन आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर दुर्ग को भेजा गया है। इसके अलावा सरपंच ने गली कांक्रीटीकरण की मांग रखी। कबीरधाम जिले के ग्राम बदौरा (जनपद पंचायत पण्डरिया) निवासी श्री जगदीश बैगा ने स्टाप डेम निर्माण का अनुरोध किया। उनका पत्र परीक्षण एवं कार्रवाई के लिए कलेक्टर कबीरधाम को भेजा गया है। राजनांदगांव जिले के घुमका निवासी ओमप्रकाश पटेल ने किसान समृध्द योजना के अन्तर्गत खनन किए गए नलकूप में विद्युत कनेक्शन प्रदाय करने का आग्रह किया। उनका पत्र छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति भिलाई के महासचिव श्री राजू गोड़बोले एवं नगर निगम रायपुर के पार्षद श्री सुनील बांदरे ने क्रमश: भिलाई एवं रायपुर में डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ सिंचाई कर्मचारी संघ कोरबा के अध्यक्ष श्री रामधन राजवाड़े ने जल संसाधन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पुन: सेवा में बहाली का अनुरोध किया। उनका पत्र परीक्षण के लिए जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव को भेजा गया है।

